coronavirus effect: जम्मू में अमरनाथ यात्रा आधार शिविर यात्री निवास बना आइसोलेशन वार्ड
coronavirus effect जम्मू के अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास बना आइसोलेशन वार्ड।जम्मू में कोरोना वायरस की आशंका के चलते अब स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है।
जम्मू, रोहित जंडियाल। जम्मू में कोरोना वायरस की आशंका के चलते अब स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बाबा अमरनाथ यात्राा के आधार शिविर भगवती नगर स्थित यात्री निवास को आइसोलेशन वार्ड में बदल दिया है। इसका मकसद अगर अधिक संख्या में मरीज आते हैं तो उन्हें अलग से यहां पर भर्ती करना हे। इसके अलावा गांधीनगर अस्पताल, सरवाल अस्पताल में भी अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं।
यात्री निवास में आइसोलेशन वार्ड बनाने का फैसला उस समय हुआ था जब दो संदिग्ध मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए। उनकी प्रारंभिक जांच में भी कोरोना वायरस के लक्षण मिलने के बाद रातों रात वार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले स्वास्थ्य विभाग जीबी पंत अस्पताल में आइसोलेशरन वार्ड बनाने पर विचार कर रहा था, लेकिन यह अस्पताल कैंटानेमेंट के दायरे में आता है। इसके बाद विभाग ने यात्री निवास में ही आइसोलेशन वार्ड बनाने का फैसला किया।
यात्री निवास में अभी 25 बिस्तर लगाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर और अधिक बिस्तर भी लगाए जा सकते हैं। यहां पर अलग से स्टाफ भी तैनात किया गया है। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डॉ. रेनू खजूरिया ने भी यात्री निवास को आइसोलेशन वार्ड में बदलने की पुष्टि की है।
उनका कहना है कि इसका इस्तेमाल जरूरत पड़ने ही किया जाएगा। यह खुला क्षेत्र है और शहर से दूर है। यहां पर मरीजों को भर्ती करना सुरक्षित है। यहां पर हर प्रकार के प्रबंध किए गए हैं। यह दूसरी बार है जब यात्री निवास को इस तरह आइसोलेशन वार्ड में बदला गया है। इससे पूर्व जम्मू में डेंगू के मामले डेढ़ हजार से अधिक आने पर भी अस्पतालों में बिस्तरों की क्षमता कम पड़ गई थी और यात्री निवास में मरीजों को भर्ती करना पड़ा था।