Coronavirus Alert in Jammu: सब्जी मंडियों में नही थम रहा रश, दिशा-निर्देशों की अवहेलना हो रही
Coronavirus Alert in Jammu कारोबारी संजीव कुमार का कहना है कि सुबह दुकानें खोलने में ही सात बज जाते हैं। उसके बाद तीन ही घंटे बचते हैं। इस बचे समय में लोग यहां पर सब्जियां लेने के लिए टूट पड़ते हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता: शहर की सब्जी मंडियों में रश थम नही रहा। जिससे कोविड से बचाव के दिशा निर्देशों की लगातार अवहेलना हो रही है। परेड़, सतवारी, इंदिरा चौक, महेश पुरा चौक व अन्य मंडियों में सब्जी व फलों की दुकानों पर लोगों का रश जुट जाता है। प्रशासन ने सुबह छह बजे से दस बजे तक ही सब्जी की दुकानें खोलने की इजाजत दी है। यही कारण है कि सुबह सभी लोग सब्जी व फल की खरीद के लिए टूट पड़ते हैं। इससे रश हो रहा है व दो गज की दूरी के नियम का पालन नही हो पा रहा।
कारोबारी संजीव कुमार का कहना है कि सुबह दुकानें खोलने में ही सात बज जाते हैं। उसके बाद तीन ही घंटे बचते हैं। इस बचे समय में लोग यहां पर सब्जियां लेने के लिए टूट पड़ते हैं। हालांकि व्यापारी लोग शारीरिक दूरी बनाने के लिए लोगों को कहते हैं,मगर सबको सब्जी चाहिए और नियमों की अवहेलना हो ही जाती है।
नरवाल मंडी के थोक व्यापारी राज कुमार राजा का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि शहर की मंडियों का समय कम से कम एक डेढ़ घंटे के लिए बढ़ा देना चाहिए। इससे लोगों की भीड़ पर कुछ अंकुश लग ही सकेगा। प्रशासन चार घंटे के लिए सब्जी की दुकानें खोलने देती है लेकिन दुकान खुलने में ही एक घंटा लग जाता है। वहीं दस बजते ही पुलिस बंद कराना शुरू कर देती है। यही कारण है कि सब्जी की दुकानों पर रश बन रहा है। दुकानों का समय कुछ बढ़ाया जाना चाहिए।