Ghulam Nabi Azad on Doda tour: आजाद से बोले कार्यकर्ता, पार्टी में गुटबाजी के कारण हार रही कांग्रेस
आजाद ने सभी कार्यकर्ताओं को अपना मनोबल ऊंचा रखने को कहा। जहां तक पार्टी में गुटबाजी की बात है तो वह इस बारे में हाईकमान से भी बात करेंगे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। डोडा, भद्रवाह के दौरे पर आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के समक्ष पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि पार्टी में गुटबाजी के कारण ही कई चुनावों में पार्टी की लगातार हार हुई है। इसके लिए कार्यकर्ताओं ने पार्टी के नेताओं को जिम्मेदार ठहराया।
आजाद के समक्ष कार्यकर्ताओं ने एक घंटे से भी अधिक समय तक दिल खोल कर बात रखी। हालांकि मौसम खराब होने के कारण कम ही कार्यकर्ता समारोह स्थल पर पहुंचे हुए थे। लेकिन कार्यकर्ताओं का कहना था कि डोडा, भद्रवाह में कांग्रेस हमेशा मजबूत रही है लेकिन अब दो गुटों में बंट गई है। उन्हें यह पता ही नहीं चलता कि उनका नेता कौन है। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि जब तक आप थे तब तक कांग्रेस पूरे डोडाद्व भद्रवाह क्षेत्र में मजबूत थी। लेकिन अब पहले संसदीय चुनावों में हारी और अब ब्लाक डेवलपमेंट काउंसिल के चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। हालांकि कांग्रेस ने इन चुनावों में भाग नहीं लिया था लेकिन पार्टी समर्थक कुछ सरपंचों ने चुनाव जरूर लड़ा था। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन चुनावों में भी एकजुट होकर नेता नहीं रहे।
आजाद ने सभी कार्यकर्ताओं को अपना मनोबल ऊंचा रखने को कहा। जहां तक पार्टी में गुटबाजी की बात है तो वह इस बारे में हाईकमान से भी बात करेंगे। आजाद ने इस दौरान केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया और कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम आदमी परेशन है। उन्होंने कहा कि अगली सरकार फिर कांग्रेस की ही होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करने को कहा।
इससे पहले आजाद कुछ निजी कार्यक्रमों में शामिल हुए। वह यूनिवर्सिटी कैंपस और टूरिज्म रिजार्ट भी गए। बाद में वह रामकबन के चंद्रकोट के लिए रवाना हो गए जहां वह शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। आजा के इस दौरे को उनके गृह जिलों में पार्टी को फिर से मजबूत बनाने की दिशाा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।