Jammu Kashmir: अल्ताफ वाले तीसरे मोर्चे में शामिल होंगे उस्मान मजीद, कांग्रेस से इस्तीफा दिया
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि उस्मान मजीद कभी तीसरे मोर्चे और कभी अन्य पार्टियों की बैठकों में जाते है। उनके खिलाफ कई शिकायतें आ चुकी है।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री उस्मान मजीद जल्द ही अल्ताफ बुखारी वाले तीसरे मोर्चे में शामिल होंगे। पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उस्मान मजीद को पार्टी से निष्कासित करने का कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। इसके जवाब में मजीद ने आज सोमवार को कांग्र्रेस प्रदेश प्रधान गुलाम अहमद मीर को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि उस्मान मजीद कभी तीसरे मोर्चे और कभी अन्य पार्टियों की बैठकों में जाते है। उनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की कई शिकायतें आ चुकी है। इसलिए उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का कारण बताओ नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब देने की अंतिम तिथि 25 फरवरी है। अगर जवाब नहीं आता है तो उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। कुछ महीने पहले दिल्ली में यूरोपियन प्रतिनिधिमंडल की बैठक में शामिल होने पर उन्हें नोटिस जारी किया गया था और उसका जवाब भी संतुष्ट करने वाला नहीं दिया गया।
पार्टी की आेर दी गइ समय अवधि से पहले ही मजीद ने कांग्र्रेस प्रदेश प्रधान गुलाम अहमद मीर को अपना इस्तीफा दे दिया।वहीं सूत्र बताते है कि उस्मान मजीद पूर्व मंत्री अल्ताफ बुखारी से कई बैठकें कर चुके है। ऐसी संभावना है कि वह जल्दी ही तीसरे मोर्चे में शामिल हो जाएंगे। वहीं उस्मान मजीद का कहना है कि वह कांग्रेस छोड़ गए है। वह काफी समय से कांग्रेस में असहज महसूस कर रहे थे। हम एक सोच वाले लोग एक मंच पर आ रहे है। अनुच्छेद 370 जा चुकी है। अब हम अनुच्छेद 371, विकास और जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर संघर्ष करेंगे। जल्द ही इसकी रणनीति पर काम किया जाएगा।