जम्मू में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, CEC के इस्तीफे की मांग; नासिर हुसैन समेत 100 से ज्यादा कार्यकर्ता हिरासत में
जम्मू में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर ...और पढ़ें

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया (फोटो- सतनाम सिंह)
HighLights
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
जम्मू में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन हुआ।
नासिर हुसैन समेत सौ से अधिक कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज शुक्रवार को चुनाव आयोग कार्यालय जम्मू के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए दिल्ली से विशेष रूप से पार्टी के जम्मू कश्मीर प्रभारी व सांसद नासिर हुसैन पहुंचे थे। पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की तरफ से पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैनर लहराते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। नासिर सहित एक सौ से अधिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक संस्थान की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।
नासिर हुसैन ने की इस्तीफे की मांग
नासिर हुसैन ने कहा कि चुनाव आयोग किसी सरकार या राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रक्षा करने वाली संवैधानिक संस्था है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जवाब देने और इस्तीफा देने की मांग की।
नासिर हुसैन का मोदी-शाह पर निशाना
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियां और दबाव उन्हें लोकतांत्रिक अधिकारों तथा मतदान की पवित्रता से दूर नहीं कर सकता।
नासिर ने कहा कि राहुल गांधी तो पहले से वोट चोरी का मुद्दा उठाते आ रहे है। अब यह सच साबित हो रहा है।
