राजनीतिक में दूरदर्शिता दिखाए सरकार : भल्ला
जागरण संवाददाता, जम्मू : पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमण भल्ला ने कहा है कि राजनीतिक द
जागरण संवाददाता, जम्मू : पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमण भल्ला ने कहा है कि राजनीतिक दूरदर्शिता दिखाते हुए जनता के प्रतिनिधियों को सरकार से जनसमस्याओं का हल करवाना होगा। जनभावनाओं से खेल कर सरकार लोगों के दिलों में नहीं रह सकती।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी जनता का विश्वास खो चुकी है। लोगों को एहसास होने लगा है कि उन्होंने इन नेताओं को मौका देकर अपने पांव पर कुल्हाड़ी मारी है। वीरवार को गांधीनगर विधानसभा के दड़प इलाके में जनसमस्याओं को सुनने के बाद पूर्व मंत्री ने भाजपा-पीडीपी गठबंधन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नेताओं द्वारा करवाए गए विकास कार्यो को सार्वजनिक करे ताकि उनको भी आइना दिखे। केंद्र और राज्य में अपनी सरकार होने के बावजूद भाजपा मंत्री, विधायक लोगों से न्याय नहीं कर पा रहे। लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाए कि भाजपा ने अपने हितों के लिए पीडीपी के आगे घुटने टेक दिए हैं। जम्मू की अनदेखी बढ़ गई है। राज्य भर की जनता विशेष जम्मू संभाग के लोग सरकारी अनदेखी के चलते पिसने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित को लेकर हमेशा अग्रसर रही। जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता रखा। अब ऐसा नहीं हो रहा। भाजपा-पीडीपी नेता लोगों द्वारा उन पर दिखाए विश्वास को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राज्य में हालात खराब करने वाले तत्वों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि मतदाता उकता चुके हैं। समय आने वाला है जब यही मतदाता भाजपा और पीडीपी को बाहर का रास्ता दिखाएंगे। उन्होंने अफसोस जताया कि दोनों ही पार्टियां जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में नाकाम रहीं। इस मौके पर सरपंच कश्मीर सिंह, नंबरदार महेंद्र सिंह, दिदार सिंह, मंशा सिंह, बलदेव सिंह, त्रिलोक सिंह, बलविंद्र कौर, शीत कौर, मंजीत कौर आदि मौजूद थे।