त्योहारों से पहले महंगाई का एक और झटका, जम्मू में महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलिंडर; मिठाई से शादी के खाने तक असर
LPG Price Hike: त्योहारी सीजन से पहले जम्मू में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर की कीमत में बढ़ोतरी ...और पढ़ें

जम्मू में ₹72 बढ़े कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम। (फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर 72 रुपये महंगा हुआ।
त्योहारी सीजन में होटल, रेस्तरां, मिठाई कारोबारियों पर असर।
बढ़ी लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ने की संभावना।
जागरण संवाददाता, जम्मू। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है। जम्मू में कमर्शियल सिलिंडर के दाम में 72 रुपये प्रति सिलिंडर की वृद्धि हुई है। नई कीमतें लागू होने के बाद होटल, रेस्तरां, ढाबे, हलवाई, कैटरिंग कारोबार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है।
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों और मिठाइयों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ जाती है। ऐसे में कमर्शियल गैस की कीमत बढ़ने से उन कारोबारियों की लागत बढ़ेगी, जो बड़े पैमाने पर खाना पकाने और मिठाइयां तैयार करने के लिए 19 किलो वाले सिलिंडरों का इस्तेमाल करते हैं।
मिठाई से लेकर रेस्तरां तक बढ़ सकती हैं कीमतें
कारोबारियों का कहना है कि गैस की कीमत में हुई वृद्धि का असर तैयार खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। जम्मू में त्योहारी सीजन के दौरान मिठाई की दुकानों, बेकरी, रेस्तरां, ढाबों और कैटरिंग प्रतिष्ठानों में गैस की खपत काफी बढ़ जाती है।
नवरात्र, दशहरा, करवाचौथ, दीपावली और इसके बाद आने वाले अन्य त्योहारों को देखते हुए बाजार में कारोबार बढ़ने की उम्मीद रहती है। ऐसे समय में कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमत बढ़ने से व्यापारियों के सामने लागत नियंत्रित करने की चुनौती बढ़ गई है।
महंगी गैस ने बढ़ाई छोटे कारोबारियों की मुश्किल
व्यापारिक संगठनों का कहना है कि पहले से ही कच्चे माल, बिजली, परिवहन, श्रम और अन्य परिचालन खर्चों में वृद्धि का दबाव कारोबारियों पर बना हुआ है। अब एलपीजी की कीमत बढ़ने से विशेष रूप से छोटे दुकानदारों और छोटे खान-पान कारोबारियों का खर्च और बढ़ेगा।
उनका कहना है कि त्योहारी सीजन में बढ़ी लागत को पूरी तरह अपने ऊपर लेना मुश्किल होगा, इसलिए इसका कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं तक पहुंच सकता है।
शादी के खाने पर पड़ सकता है महंगी गैस का असर
ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के वरिष्ठ उप-प्रधान धीरज महाजन ने कहा कि त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने के बावजूद कीमतों को नियंत्रित रखना चुनौतीपूर्ण होगा।
मिठाई और नमकीन तैयार करने वाले कारोबारियों के अलावा शादी-समारोहों के कैटरर्स पर भी इसका असर पड़ सकता है। शादी समारोहों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए खाना तैयार करने की लागत में भी वृद्धि होने की संभावना है।
कारोबारियों को सता रही चिंता
व्यापारी कपिल महाजन ने कहा कि त्योहारी मौसम में आम परिवार पहले ही खरीदारी, मिठाई, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुओं पर अतिरिक्त खर्च करते हैं। ऐसे में यदि खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी होती है तो इसका अतिरिक्त बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। जम्मू में 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर पर 72 रुपये की बढ़ोतरी ने त्योहारों से पहले कारोबारियों की चिंता भी बढ़ा दी है।
पिछले पांच महीने में आया उतार-चढ़ाव
सात जून : 3255 रुपये
पहली जुलाई : 3071.50 रुपये
पहली अगस्त : 2879.50 रुपये
पहली अक्टूबर : 2951.50 रुपये
