Jammu Kashmir Weather: घाटी में एक बार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ा, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में बर्फबारी का अनुमान
श्रीनगर शहर में मंगलवार रात को तापमान -4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि उससे पिछली रात यह तापमान -3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
जम्मू, जेएनएन। कश्मीर घाटी में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कुछ दिन राहत के गुजारने के बाद एक बार फिर शीतलहर ने वादी को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग के अनुसार आज से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में एक बार फिर बर्फबारी होने का अनुमान है। हालांकि लद्दाख में भी अब रात के तापमान में सुधार हुआ था। मौसम विभाग का कहना है कि आज एक जनवरी से 4 जनवरी तक कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी जबकि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अलावा 6 से 8 जनवरी के दौरान भी पश्चिमी विक्षोभ का दबाव बन रहा है।
श्रीनगर शहर में मंगलवार रात को तापमान -4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि उससे पिछली रात यह तापमान -3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। इसी तरह उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग का स्की-रिसॉर्ट घाटी में सबसे ठंडा स्थान था। यहां रात का न्यूनतम तापमान -11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम रिसॉर्ट में रात का तापमान -6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक है।
इसके अलावा घाटी का प्रवेश द्वार काजीगुंड में कल रात का न्यूनतम तापमान -6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। कोकरनाग का तापमान -4.8 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान -4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि लेह में पिछली रात न्यूनतम तापमान -15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। द्रास शहर में पारा -22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश होने की सूरत पर मौसम विभाग ने श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल-रामबन में भूस्खलन होने का अंदेशा जताया है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन होने पर हाइवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। श्रीनगर-जम्मू में अभी वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि बारिश के बाद मौसम में सुधार संभव होगा।