विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद एक्शन में CM उमर, बुलाई कैबिनेट बैठक; दरबार मूव-बर्फबारी समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:10 PM (IST)Updated: Tue, 27 Oct 2026 10:12 PM (IST)

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नागरिक सचिवालय में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। इसमें संतुलित विकास, सर्दियों ...और पढ़ें

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद CM उमर ने की कैबिनेट बैठक। फोटो सोशल मीडिया

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद CM उमर ने की कैबिनेट बैठक। फोटो सोशल मीडिया

HighLights

  1. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की।

  2. मंत्रिमंडल में चार नए मंत्रियों को शामिल किया गया।

  3. संतुलित विकास और दरबार मूव पर चर्चा हुई।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को मंत्रिमंडल में विस्तार को अंतिम रूप देने के बाद दोपहर बाद नागरिक सचिवालय में कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्र शासित प्रदेश में संतुलित और समान विकास सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

मंत्रिपरिषद के विस्तार के बाद चार नवनियुक्त मंत्रियों ने भी बैठक में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने नए मंत्रियों को उनके कक्ष में ले जाकर बैठाया और उसके बाद उन्होंने उनके साथ सचिवालय में विभिन्न कार्यालयों का दौरा भी किया।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज अपने मंत्रिमंडल में विस्तार करते हुए चार नए मंत्रियों अली मोहम्मद सागर,मीर सैफुल्ला, अल्ताफ अहमद वानी और शमीमा फिरदौस को शामिल किया है। परिवहन मंत्री सतीश शर्मा की इस फेरबदल में छुट्टी हुई है। 

मंत्रियों की भूमिका महत्वपूर्ण

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सिविल सचिवालय स्थित नवनियुक्त मंत्रियों के कार्यालयों का दौरा किया और उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी। उन्होंने अली मोहम्मद सागर, मीर सैफुल्लाह, शमीम फिरदौस और अल्ताफ अहमद वानी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।

उन्होंने सरकार के विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने में मंत्रियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए मंत्रियों का अनुभव जम्मू-कश्मीर के समग्र विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में सहायक होगा।नवनियुक्त मंत्रियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनके नेतृत्व में मिलकर काम करने और जनता से किए गए वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई।

दरबार मूव से संबधित मुद्दों पर भी चर्चा

नए मंत्रियाें ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में भी भाग लिया।बैठक में जम्मू-कश्मीर के संतुलित और न्यायसंगत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव विचारार्थ रखे गए।

सर्दियों के दौरान कश्मीर घाटी समेत प्रदेश के सभी उच्चपर्वतीय इलाकों में हिमपात और भूस्खलन पैदा होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने की रणनीति और दरबार मूव से संबधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई है।