जम्मू कश्मीर के कलस्टर विश्वविद्यालयों में अध्यापकों की स्थायी नियुक्ति का रास्ता साफ
जम्मू कश्मीर के दोनों कलस्टर विश्वविद्यालयों में अध्यापकों की स्थायी नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । जम्मू कश्मीर के दोनों कलस्टर विश्वविद्यालयों में अध्यापकों की स्थायी नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। श्रीनगर और जम्मू कलस्टर यूनिवर्सिटी एक्ट 2016 के तहत जम्मू में पांच कॉलेजों को मिलाकर जम्मू कलस्टर विश्वविद्यालय और श्रीनगर के पांच कॉलेजों को मिलाकर श्रीनगर कलस्टर विश्वविद्यालय स्थापित किया गया था।
कलस्टर विश्वविद्यालयों में अध्यापकों की स्थायी नियुक्ति नहीं हो पाई थी। अकादमिक प्रबंधन और कॉलेजों के अध्यापकों को विश्वविद्यालयों में लगाकर काम चलाया जा रहा है। कलस्टर विश्वविद्यालयों से जुड़े दस कॉलेजों के लिए पद मंजूर कर दिए गए हैं। दस पद प्रिंसिपलों के मंजूर किए गए हैं। कुल मिलाकर दोनों विश्वविद्यालयों के लिए 785 अध्यापकों के पद मंजूर किए गए हैं। इसमें जम्मू कलस्टर विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों के लिए 338 और श्रीनगर कलस्टर विश्वविद्यालय के लिए 447 पद मंजूर किए गए हैं।
कलस्टर विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार विज्ञापन निकालकर पदों को भरेंगे। संबंधित कॉलेजों के जरिए कलस्टर विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलरों का नियंत्रण होगा। कलस्टर विश्वविद्यालयों में कौशल विकास, इंडस्ट्री में रोजगार के लिए मददगार साबित होने वाले कोर्स, रिसर्च, एक्सटेंशन कार्यक्रम, टीचिंग लर्निंग प्रक्रिया में खोज को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कौशल विकास के कोर्सों को बढ़ावा देने के साथ पाठ्यक्रम और परीक्षा में सुधार पर जोर दिया जाएगा।
डिजीटल तकनीक को अपनाने के लिए काम होगा
डिजीटल तकनीक को अपनाने के लिए काम होगा। सामाजिक बदलाव और आर्थिक विकास में भी विद्यार्थियों की भागीदारी को सुनिश्चित बनाया जाएगा। पीजी और अंडर ग्रेजुएट के कोर्सों के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दिलचस्पी पैदा की जाएगी। दोनों कलस्टर विश्वविद्यालय दाखिला के लिए एक व्यापक नीति बनाएंगे। कलस्टर विश्वविद्यालयों से जुड़े कॉलेजों को नेशनल एक्रीडेशन एंड असेसमेंट काउंसिल (नैक) से मान्यता दिलवाने के लिए सक्रिय होकर काम होगा। इसके लिए तैयारियां की जाएंगी ताकि कॉलेजों की बेहतर ग्रेडिंग की जा सके।
कलस्टर विश्वविद्यालय जम्मू से जुड़े कॉलेज
- साइंस कालेज
- मौलाना आजाद मेमोरियल कॉलेज
- महिला कॉलेज गांधी नगर
- कॉमर्स कालेज
- गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजूकेशन जम्मू
कलस्टर विश्वविद्यालय श्रीनगर से जुड़े कॉलेज
- अमर सिंह कॉलेज
- एसपी कॉलेज
- महिला कॉलेज एमए रोड
- गवर्नमेंट कॉलेज आफ एजूकेशन श्रीनगर
- बेमिना डिग्री कॉलेज