बच्चों को मिलेगी फिटनेस डोज, आधा घंटा रोज
मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से फिट इंडिया का दूसरा सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत दिसंबर महीने में फिटनेस वीक का आयोजन किया जा रहा है जिसमें जम्मू कश्मीर के भी सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल भाग लेंगे।
जम्मू, सुरेंद्र सिंह: बेहतर शिक्षा के साथ स्वस्थ शरीर बनाए रखने के लिए स्कूली बच्चों को रोजाना फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज मिलेगी। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से फिट इंडिया का दूसरा सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत दिसंबर महीने में फिटनेस वीक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जम्मू कश्मीर के भी सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल भाग लेंगे।
कोरोना के चलते इस बार फिट इंडिया वीक का आयोजन ऑनलाइन व ऑफलाइन किया जाएगा। यहां संभव हो सकेगा वहां ऑफलाइन इस सप्ताह को मनाया जाएगा, जबकि जहां संभव न होगा, इस सप्ताह का आयोजन ऑनलाइन होगा। इस अभियान में भाग लेने वाले स्कूलों के लिए पंजीकरण 25 नवंबर से शुरू कर दिया गया है। शिक्षा निदेशक जम्मू अनुराधा गुप्ता ने बताया कि इस सप्ताह के आयोजन के बारे में जानकारी देने के लिए जम्मू संभाग के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने अपने इलाके के स्कूलों को इस बारे सूचित करे। इस बार फिट इंडिया का थीम भी फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज रखी गई है। इसमें शरीर को चुस्त दुरूस्त रखने के लिए व्यायाम के अलावा प्रश्नोतरी प्रतियोगिता का आायोजन भी होगा। बच्चों को योग प्रशिक्षक योग आसन सिखाएंगे और इस अभियान में एनसीसी कैडेट्स व पंचायत और स्थानीय निकाय के सदस्यों की भी भागेदारी बनाई जाएगी।
शिक्षा निदेशक ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन की रिपोर्ट भी मुख्य शिक्षा अधिकारी बनाएंगे ताकि पता चल सके कि इसमें कितने स्कूलों व बच्चों की भागेदारी हुई है। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा जिसमें रोप स्कीपिंग, स्क्वाड चैलेंज, स्पॉट जागिंग, बाल ड्रिबलिंग आदि शामिल हैं।