Navratra Festival 2022 : धार्मिक-सांस्कृतिक हब के रूप में विकसित हो कटड़ा, डोगरी संस्कृति की खूबियां लेकर लौटें श्रद्धालु
श्री माता वैष्णो देवी के सीईओ और नवरात्र महोत्सव समिति के वाइस चेयरमैन अंशुल गर्ग ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए बोर्ड की ओर से पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैैं। इस बार आरएफआइडी से यहां भीड़ पर नियंत्रण रखने में मदद मिल रही है।
कटड़ा, संवाद सहयोगी : जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा को सांस्कृतिक अकादमी के रूप में विकसित किए जाने की जरूरत है। इसे धार्मिक व सांस्कृतिक हब के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु यहां की समृद्धि का संदेश लेकर लौटें।
यहां की डोगरी संस्कृति पूरे देश में फैले। मुख्य सचिव ने यह बातें सोमवार शाम को कटड़ा के योगाश्रम परिसर में नवरात्र महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर कहीं। इससे पहले मुख्य सचिव ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। कलाकारों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। गायक सिद्धार्थ मोहन ने भजनों से माता का गुणगान किया।
प्रसिद्ध मंदिरों तक बनेगी टूरिस्ट सर्किट: मंडलायुक्त
नवरात्र महोत्सव के अध्यक्ष जम्मू मंडलायुक्त रमेश कुमार ने कहा कि नवरात्र माता की नौ दिन चलने वाली भक्ति का पर्व है। उन्होंने कहा कि कठुआ जिले के सुकराला माता मंदिर, सांबा जिले के चीची माता मंदिर, बाला सुंदरी, सरथल को मिला कर टूरिस्ट सर्किट बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां सालभर सांस्कृतिक-धार्मिक कार्यक्रम होते रहने चाहिए, ताकि आने वाले श्रद्धालु यहां की संस्कृति से रूबरू हो सकें।
श्री माता वैष्णो देवी के सीईओ और नवरात्र महोत्सव समिति के वाइस चेयरमैन अंशुल गर्ग ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए बोर्ड की ओर से पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैैं। इस बार आरएफआइडी से यहां भीड़ पर नियंत्रण रखने में मदद मिल रही है। कोरोना महामारी के दो साल के बाद हालात सामान्य होने से इस बार नवरात्र में श्रद्धालु उत्साह के साथ माता के दर्शन कर रहे हैैं। पर्याप्त सुविधाओं के साथ माता की अलौकिक छटा के दर्शन के साथ लौट रहे हैैं।
इस मौके पर पर्यटन विभाग जम्मू के निदेशक विवेकानंद राय ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे योजना शुरू की गई है। इससे बाहर से आने वाले लोग जम्मू के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व धार्मिक क्षेत्रों में घूम सकेंगे। ठहरने के लिए उन्हें सस्ते दर पर घर जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। रात में माता के गुणगान में भेंटों का कार्यक्रम भी शुरू हुआ। नौ दिन तक यहां देश के प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। महोत्सव के शुभारंभ मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
झलकियां
- -वर्ष 1996 में शुरू हुए नवरात्र महोत्सव का यह 27वां आयोजन है।
- -महोत्सव का शुभारंभ हर बार दिन में किया जाता था, इस बार शाम को हुआ।