फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगे 23 लाख रुपये, श्रीनगर कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल; फर्जीवाड़े में फंसे 3 आरोपी
जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 23 लाख रुपये की ठगी के ...और पढ़ें
-1785052798763_m.webp)
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगे 23 लाख रुपये (प्रतीकात्मक फोटो)
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के एक मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) श्रीनगर की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जिन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उनमें गुलाम मोहम्मद शेख उर्फ गुलजार, मोहम्मद यूसुफ वानी और मोहम्मद अब्दुल्ला मीर शामिल हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि गुलाम मोहम्मद शेख ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर शिकायतकर्ताओं से 23 लाख रुपये ठग लिए।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति आदेश, पहचान पत्र, लाइसेंस, नियुक्ति पत्र तथा पुलिस और सीआइडी सत्यापन से जुड़े जाली दस्तावेज तैयार कर नौकरी के प्रस्तावों को असली दिखाने की कोशिश की।
प्रवक्ता ने कहा कि जांच में शिकायतों को सही पाया गया और यह स्थापित हुआ कि तीनों आरोपी आपस में मिलीभगत कर शिकायतकर्ताओं को धोखा देने और उनकी मेहनत की कमाई हड़पने में शामिल थे।
पर्याप्त साक्ष्य जुटाने और जांच पूरी होने के बाद आर्थिक अपराध शाखा कश्मीर ने अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया। हालांकि, आर्थिक अपराध शाखा ने इस कथित फर्जी नौकरी रैकेट में अन्य दो आरोपियों की विशिष्ट भूमिका के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की।
