साइबर ठगी मामले के आरोपितों के विरुद्ध चार्जशिट दायर
साइबर क्राइम मामले में दो आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने चार्जशील दायर किया है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : सोशल साइट फेसबुक पर महिला मित्र बनकर व्यापार शुरू करने के नाम पर एक व्यक्ति से 82 लाख रुपये की ठगी करने के दो आरोपितों के विरुद्ध क्राइम ब्रांच जम्मू ने कोर्ट में चालान पेश कर दिया। आरोपितों में त्रिलोकपुरी दिल्ली निवासी राज कुमार उर्फ राजन निवासी और राजेश कुमार शामिल हैं। राज कुमार वर्तमान में बुंदेलशहर उत्तर प्रदेश में रह रहा है। दोनों पर क्राइम ब्रांच थाने में धोखाधड़ी करने, फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने, षड्यंत्र रचने और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
आरोपित लगातार अपना पता बदल कर कानून को धोखा दे रहे थे। कुछ दिन पूर्व काफी मशक्कत के बाद क्राइम ब्रांच ने उन्हें दबोचा था। कोर्ट में दायर मामले के अनुसार क्राइम ब्रांच ने जानकारी दी कि भलेसा निवासी जावेद अहमद जरगर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ दिनों पूर्व फेसबुक पर उसकी दोस्ती इंग्लैंड में रहने वाली क्रिस्टीना जार्ज से हुई। महिला से उसकी फेसबुक को रोजाना चैट होने लगी। एक दिन महिला ने उसे इंग्लैंड में उसके साथ मिलकर व्यापार करने की पेशकश की। शिकायतकर्ता महिला मित्र की बातों में आ गया और उसके साथ व्यापार करने को तैयार हो गया। महिला मित्र ने उसे कहा कि वह जम्मू आकर ही उसके साथ व्यापार से जुड़ा समझौता करेगी। एक दिन फिर उसकी महिला मित्र ने फोन कर बताया कि वह भारत आ गई है। वह अपने साथ काफी धन लेकर आई है, इसलिए उसे दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में कस्टम अधिकारियों ने पकड़ लिया है। उनसे छुटने के लिए उसे जमानत के तौर पर कुछ राशि जमा करवानी होगी जो उसके पास अभी नहीं है। महिला मित्र की सहायता करने की मंशा से शिकायतकर्ता ने महिला मित्र द्वारा बताए गए बैंक खातों में धनराशि जमा करवानी शुरू कर दी। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच अधिकारियों ने जब बैंक खातों की जांच की। वह बैंक खाते भारत में रहने वाले लोगों के ही निकले। मामले से जुड़े सबूतों को जुटाने के बाद दो आरोपितों को क्राइम ब्रांच ने दिल्ली से दबोच लिया। ठगी का शिकार जावेद इन दिनों चिराग कालोनी, बठिडी मोड़ में रह रहा है।