अब पाकिस्तान ने सुंदरबनी में किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
पिछले चौबीस दिनों के दौरान पाकिस्तान कठुआ, सांबा, पुंछ, राजौरी और उड़ी में भारत-पाक सीमा पर एक दर्जन से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है।
जम्मू, जेएनएन। पाकिस्तान अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहा है। भारत-पाक सीमा पर पिछले एक महीने के दौरान चार बार हुई फ्लेग मीटिंग में संघर्ष विराम का पालन करने का वायदा करने के बाद भी पाकिस्तान भारतीय चौकियों व रिहाशी इलाकों को निशाना बना रहा है। वीरवार को एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने सुंदरबनी सेक्टर की नियंत्रण रेखा से सटे मल्ला व दादल क्षेत्र में भारतीय चौकियों पर पहले तो हल्की गोलीबारी की और उसके बाद मोर्टार शेल दागे।
भारतीय जवानों ने भी इसका कड़ा जवाब दिया। दोनों ओर से अभी भी रूक-रूक कर गोलीबारी हो रही है। फिलहाल इस गोलाबारी में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। पाक सेना ने बुधवार को भी पुंछ के सोनागली, कृष्णा घाटी और मनकोट सेक्टर में 120 मिमी और 82 मिमी की मोर्टारों, स्वचालित एवं छोटे हथियारों के जरिए बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की थी।
भारतीय सैनिक इस गोलीबारी का उचित एवं करारे ढंग से जवाब दिया था। पिछले चौबीस दिनों के दौरान पाकिस्तान कठुआ, सांबा, पुंछ, राजौरी और उड़ी में भारत-पाक सीमा पर एक दर्जन से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है।