LOC Ceasefire violation : पाकिस्तानी फायरिंग से पुंछ जिला के मेंढर में युवक घायल
पाकिस्तान ने शनिवार देर रात को एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए मेंढर के गोहलाड में फायरिंग की। इससे एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया
जम्मू, जेएनएन। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान ने शनिवार देर रात को एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए मेंढर के गोहलाड में फायरिंग की। इससे एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि दो मवेशियों के भी घायल होने के समाचार हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात सीमा पार पाकिस्तान की ओर से पुंछ जिला के मेंढर के गोहलाड में बिना किसी उकसावे की गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान की इस गोलाबारी में स्थानीय युवक घायल हो गया। उसकी पहचान 26 वर्षीय मोहम्मद यासिन के रूप में हुई है। उसे तुरंत सेना और स्थानीय लोगों द्वारा नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। पाकिस्तान की गोलाबारी में दो मवेशी भी घायल हो गए हैं। शनिवार रात को करीब 10.30 बजे शुरू हुई आैर इसके ठीक उपरांत भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड जवाब देना शुरू कर दिया। गोलाबारी के उपरांत स्थानीय गांव के लोग आसपास के बंकरों में चले गए। पूरी रात क्षेत्र में भारतीय सेना की ओर से सीमा पार पाकिस्तान देश को करारा जवाब दिया गया और तड़के करीब चार बजे पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी बंद कर दी गई। पाकिस्तान ने मोर्टार का प्रयोग किया जिससे मेंढर के आसपास के करीब पांच गांव इसकी चपेट में आ गए। इस गोलाबारी से गांव के कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोग पाकिस्तान की इस नापाक हरकत से काफी नाराज हैं। उनका कहना है कि पाकिस्तान रिहायशी इलाकों को जानबूझकर निशाना बना रहा है।
मेंढर के ब्लाक मेडिकल आफिसर डॉ. परवेज खान ने बताया कि घायल युवक मोहम्मद यासिन पुत्र मोहम्मद रशीद का उपचार जारी है। पाकिस्तान की फायरिंग से उसकी टांंग में स्पिलंटर लग गए थे। उससे स्थानीय लोगों ने समय रहते अस्पताल में पहुंचाया है। उम्मीद है कि जल्द ही वह स्वस्थ हो जाएंगे।