Ceasefire Violation: जिला पुंछ LoC पर दिगवार- किरनी सेक्टर में पाक गोलाबारी में जेसीओ शहीद, एक नागरिक घायल
भारतीय जवान सतर्क हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल किसी आतंकी घुसपैठ की पुष्टि नहीं हो पाई है। दोनों ओर से रूक-रूककर गोलाबारी जारी है। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भी काफी नुकसान हुआ है।
जम्मू, जेएनएन। भारतीय जवानों से बार-बार मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तानी सैनिकों ने आज दोपहर एक बार फिर आतंकियों की घुसपैठ के इरादे से जिला पुंछ एलओसी से सटे दिगवार, कस्बा सेक्टर में सैन्य चौकियों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। इस गोलाबारी में सेना के एक जूनियर कमिशन आफिसर (जेसीओ) शहीद हो गए हैं जबकि एक स्थानीय नागरिक भी घायल हुआ है।पाकिस्तान की इस अकारण गोलाबारी का भारतीय जवानों ने भी मुंहतोड़़ जवाब दिया।
सेना के स्थानीय प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने जेसीओ के शहीद होने की पुष्टि की है।शहीद की पहचान सेना के गढ़वाल यूनिट के सूबेदार स्वतंत्र सिंह के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पाकिस्तान की गोलाबारी से घायल स्थानीय नागरिक मोहम्मद रशीद को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।गांव सीमा से सटे इलाकों में अलर्ट जारी कर सभी को सुरक्षित स्थानों में पनाह लेने को कह दिया गया है।
जिला पुंंछ में दोपहर 1.30 बजे बजे के बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने अचानक से गोलाबारी का सिलसिला शुरू कर दिया। पाकिस्तान ने भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों पर मोर्टार दागना शुरू कर दिए। हालांकि भारतीय जवान भी इसका कड़ा जवाब दे रहे हैं। इस दौरान पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा दागा गया एक मोर्टार किरनी गांव में आकर गिरा जिसकी चपेट में आने से मोहम्मद रशीद पुत्र नजबदीन घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल भर्ती कराया गया है।
दोनों ओर से गोलाबारी का सिलसिला अभी भी जारी है। सैन्य सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी सैनिक आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के इरादे से ही इस तरह गोलाबारी करते हैं। भारतीय जवान सतर्क हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल किसी आतंकी घुसपैठ की पुष्टि नहीं हो पाई है। दोनों ओर से रूक-रूककर गोलाबारी जारी है। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भी काफी नुकसान हुआ है।