पाक सैनिकों ने पुंछ व अरनिया सेक्टर में किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
सैन्य अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सबसे पहले पुंछ के सालोट्री और गुलपुर इलाके में भारतीय सेना की चौकियों पर गोलियां दागी।
जम्मू, जेएनएन। पाकिस्तान सेना ने मंगलवार को जम्मू संभाग के पुंछ जिले और अरनिया सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलियां व मोटार्र दागे। हालांकि भारतीय जवानों ने भी इसका कड़ाई से जवाब दिया। इस गोलाबारी में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
सैन्य अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सबसे पहले पुंछ के सालोट्री और गुलपुर इलाके में भारतीय सेना की चौकियों पर गोलियां दागी। पहले तो हल्की गोलीबारी की परंतु उसके बाद उन्होंने गोले दागना शुरू कर दिए। भारतीय चौकियों के अलावा पाक सैनिकों ने दो गोले पुंछ के झुलास गांव पर भी फैंके। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इसी तरह पाक सैनिकों ने सीमावर्ती अरनिया सेक्टर में भी गोलीबारी की। पाक सैनिकों ने भारतीय चौकियों पर दो से चार राउंद फायर किए। भारतीय सैनिकों ने भी इसका जवाब दिया। भारत की ओर से जवाबी कार्रवाई में की गई गोलीबारी के बाद पाक सीमा पर सन्नाटा छा गया।