पाक ने अरनिया में फिर बरसाए गोले, महिला की मौत; पांच घायल
अरनिया सेक्टर में पाक ने भारतीय चौकियों के साथ रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाया।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू के बिश्नाह कस्बे के अरनिया में रविवार सुबह तक जारी रही पाकिस्तान की गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच ग्रामीण घायल हो गए हैं।
अरनिया के अला गांव में रविवार तड़के एक घर में शैल गिरने से महिला समेत 3 लोग घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल साठ वर्षीय महिला रत्नो देवी, पत्नी चुन्नी लाल की जम्मू मेडिकल कालेज में मौत हो गई। चुन्नी लाल की हालात भी गंभीर है। तीसरे घायल की पहचान रजनी देवी पत्नी सुभाष चन्द्र के रूप में हुई है।
इससे पहले शनिवार रात को अरनिया में एक घर में शैल गिरने से एक ही परिवार के 3 सदस्य घायल हो गए थे। घायलों की पहचान 65 वर्षीय माया देवी पत्नी बिहारी लाल, उसकी बहु रजनी देवी पत्नी राज कुमार व पौते शुभम के रूप में हुई है।
लगातार तीसरे दिन भी अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की भारी गोलाबारी से मरने वालों की संख्या दो तो घायलों की संख्या छह तक पहुंच गई है। सीमा सुरक्षा बल ने पाकिस्तान की गोलाबारी का कड़ा जवाब दिया।
गोलाबारी से सीमांत क्षेत्रों में भारी दहशत है। पलायन की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बिश्नाह कस्बे में विस्थापितों के 9 कैंप स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पाकिस्तान की ओर से अरनिया में पाकिस्तान की गोलाबारी वीरवार देर रात को शुरू हुई थी। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल का एक जवान शहीद हो गया था जबकि एक ग्रामीण घायल हो गया था।
कस्बे में एक साथ गिरे छह मोर्टार, रातभर दुबके रहे लोग:
पाकिस्तान ने शुक्रवार रात की तरह शनिवार रात को भी अरनिया में भारी गोलाबारी की। छह मोर्टार एकसाथ अरनिया कस्बे में गिरे तो लोग सहम गए और रातभर अपने घरों में दुबके रहे। भारी गोलाबारी की आवाज दूर-दूर तक सुनाई देती रही।