हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी, सांबा में संदिग्ध दिखने पर चलाया तलाशी अभियान
सांबा सेक्टर में भी अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी नर्सरी पोस्ट पर संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने के बाद सीमा सुरक्षाबल ने तलाशी अभियान चलाया हुआ है।
जम्मू, जेएनएन। हीरानगर सेक्टर के सीमांत गांव बोबिया में मंगलवार सुबह 11.30 बजे के करीब पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्षविराम का लगातार दूसरे दिन भी उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की। पाकिस्तान की इस हरकत के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। हालांकि भारतीय जवानों ने इस फायरिंग के जवाब में कोई गोलीबारी नहीं की। पाकिस्तान ने यह गोलीबारी उस समय की जब बीएसएफ की ओर से फेंसिंग के साथ बने बंड पर मरम्मत कार्य करवाया जा रहा था।
पाकिस्तान द्वारा की गई इस गोलीबारी के बाद मरम्मत कार्य में जुटे मजदूर वहां से भाग गए। हालांकि इसमें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। एक राउंद फायर के बाद फिलहाल अभी तक सीमा पर शांति बनी हुई है। सीमा पार से उसके बाद कोर्इ गोलीबारी नहीं की।
पाकिस्तानी सैनिकों ने सोमवार को भी इसी सेक्टर में चक्क जंगा सीमांत इलाके में करीब डेढ़ घंटे गोलीबारी की थी। पाक सैनिकों ने कल भी उसी क्षेत्र को निशाना बनाया जहां बीएसएफ जवानों की ओर से मरम्मत कार्य करवाया जा रहा था। दरअसल पाकिस्तान दहशत का माहौल पैदा कर सीमा पर चल रहे मरम्मत कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहा है। वह नहीं चाहता कि भारत ऐसा कोई काम करवाए जिससे भविष्य में उन्हें आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने में परेशानी हो।
वहीं सांबा सेक्टर में भी अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी नर्सरी पोस्ट पर संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने के बाद सीमा सुरक्षाबल ने तलाशी अभियान चलाया हुआ है। फिलहाल अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।