Ceasefire violation: जम्मू के पलांवाला सेक्टर में पाकिस्तान ने दागे गोले, भारतीय जवानों ने भी दिया मुंहतोड़ जवाब
सुबह पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों पर पहले हल्के हथियारों का इस्तेमाल किया। भारतीय जवानों ने जब जवाबी कार्रवाई शुरू की तो पाक सैनिकों ने मोर्टार दागना शुरू कर दिए।
जम्मू, जेएनएन। जिला जम्मू के पलांवाला सेक्टर में संगम पोस्ट पर आज तड़के साढ़े तीन बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। करीब चार घंटे तक दोनों ओर से हुई इस गोलीबारी में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि इस गोलाबारी के कारण नियंत्रण रेखा से सटे रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। लोग अपने घरों में दुबके रहे जबकि कइयों ने बंकर की शरण भी ली।
सूत्रों ने बताया कि इस सेक्टर में पाकिस्तान ने काफी देर बाद गोलाबारी की है। सुबह पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए पहले हल्के हथियारों का इस्तेमाल किया। भारतीय जवानों ने जब जवाबी कार्रवाई शुरू की तो पाक सैनिकों ने मोर्टार दागना शुरू कर दिए। यह गोलाबारी साढ़े सात बजे तक चलती रही परंतु इसमें किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। दोनों ओर से लगातार होती रही इस गोलाबारी ने संगम पोस्ट से सटे रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग अपने घरों में दुबक गए। कइयों ने परिवार सहित बंकर की शरण ली। करीब चार घंटे तक गांववासी घरों से बाहर नहीं निकले।
साढ़े सात बजे के बाद जब गोलीबारी की आवाज आना बंद हुई तो लोग अपने घरों-बंकरों से बाहर निकलते। सेना ने ग्रामीणों को एहतियात बरतने की हिदायद दी है। वहीं सैन्य सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान अकसर आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के लिए इस तरह की गोलाबारी करता है। भारतीय जवान पूरी तरह से चौकसी बनाए हुए हैं और पाकिस्तान की हर नापाक हरकत पर नजर रखे हुए हैं। पिछले एक सप्ताह के दौरान पाकिस्तान ने जिला पुंछ और राजौरी में सीजफायर का उल्लंघन किया है और इसमें एक जवान घायल भी हुआ है।
हीरानगर में रात को शुरू हुई गोलीबारी सुबह तक रही जारी
अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) पर दो दिन की शांति के बाद पाक रेंजरों ने फिर जम्मू संभाग के कठुआ के हीरानगर सेक्टर के मनयारी, पानसर गंजराल, रठुआ गांवों में गोलीबारी की। वीरवार रात को शुरू हुई गोलाबारी शुक्रवार सुबह तक होती रही। रेंजरों ने रात साढ़े 11 बजे अचानक अपने पाक क्षेत्र बीका चक, अभयाल डोगरा, कींगरां दे कोठे पोस्टों से मोर्टार व छोटे हथियारों से गोलीबारी की जो सुबह पौने पांच बजे तक जारी रही। बीएसएफ ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलीबारी से भारतीय क्षेत्र में किसी तरह की नुकसान की सूचना नहीं है। गौरतलब है कि पाकिस्तान घुसपैठ करवाने की मंशा से डेढ़ माह से गोलीबारी करता आ रहा है, लेकिन बीएसएफ की सतर्कता की वजह से वह अपने नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं हो रहा। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अगर पाकिस्तान गोलीबारी करने से बाज नहीं आ रहा है तो उसे करारा जवाब देते रहना चाहिए। गोलीबारी से लोगों को परेशानी तो होती है, मगर वह बीएसएफ को सहयोग देते रहेंगे।