सेरी खुर्द में छह महीने में बन जाएगा मवेशी बाड़ा, निगम ने मांगे टेंडर Jammu News
जम्मू नगर निगम शहर के बाहरी क्षेत्र सेरी खुर्द में 97.11 कनाल जमीन पर आधुनिक कैटल पांड (मवेशी बाड़ा) गोशाला बनाने जा रहा है। इस पर दस करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जम्मू, अंचल सिंह । अब वो दिन दूर नहीं, जब शहर की सड़कों पर आवारा मवेशी नजर नहीं आएंगे। जम्मू नगर निगम शहर के बाहरी क्षेत्र सेरी खुर्द में 97.11 कनाल जमीन पर आधुनिक कैटल पांड (मवेशी बाड़ा), गोशाला बनाने जा रहा है। इस पर दस करोड़ रुपये खर्च होंगे। डिवीजनल कमिश्नर के निर्देश पर आवास एवं शहरी विकास विभाग ने जमीन उपलब्ध करवा दी है। डीपीआर बनाने की प्रक्रिया जारी है। हफ्ते भर में इसे तैयार कर लिया जाएगा।
नगर निगम ने इसके लिए जनरल हाउस से प्रस्ताव पारित करने के बाद इस पर काम शुरू कर दिया है। तहसील नगरोटा के गांव सेरी खुर्द में खसरा नंबर 35 में 97 कनाल 11 मरले जमीन कैटल पांड (मवेशी बाड़ा) के लिए निर्धारित कर दी गई है। इसे समतल करने के लिए निगम की मशीनरी ने काम किया। अब इस जमीन की हदबंदी करते हुए कहीं दीवार तो कहीं तारबंदी की जाएगी। निगम ने इसके लिए टेंडर भी आमंत्रित किए हैं। निगम की मानें तो दो महीने में कागजी कार्यवाही पूरी करते हुए काम शुरू कर दिया जाएगा। अगले छह महीने में यह मवेशी बाड़ा तैयार हो जाएगा।
निगम ने 14वें फाइनेंस कमीशन से मिले पैसों में से पहले चरण में पांच करोड़ रुपये की राशि इसके लिए निर्धारित कर दी है। यहां गोशाला भी रहेगी जिसमें लोग गायों को आटे के पेड़े भी खिलाते हैं। इसके लिए निगम यहां पेड़े की मशीन लगाएगा। इससे भी सुविधा रहेगी।
यह रहेंगी सुविधाएं
- मवेशियों के लिए अस्पताल
- ऑटोमेटिक वाङ्क्षशग
- बॉयो गैस प्लांट
- बर्मी कंपोस्ट प्लांट
- बर्मी वॉश
- गोमूत्र प्लांट
- सोलर प्लांट
- जल संचयन
- हाईड्रोपोनिक स्पोडर
- गोशाला
- लोगों के टहलने के लिए पाथ
- मंदिर
- पेड़े बनाने की मशीन
यहीं रखे जाएंगे शहर से पकड़े गए मवेशी
इस कैटल पांड के बाद शहर से पकड़े जाने वाले सभी मवेशी वहीं रखे जाएंगे। इन मवेशियों के गोबर से बॉयो गैस तैयार की जाएगी। फिलहाल निगम रोजाना 5-6 आवारा मवेशियों को ही पकड़ता है। निगम के पास डोगरा हाल में कैटल पांड है। यहां 100 के करीब मवेशी ही रखने की जगह है। लिहाजा अधिकतर मवेशी इसलिए नहीं पकड़े जाते। कैटल पांड बनने के बाद जगह की तंगी नहीं रहेगी। रोजाना 30 से 50 मवेशी पकड़े जाएंगे। एक दिन के लिए डोगरा हाल फाटक में मवेशियों को रखा जाएगा। उसके बाद उन्हें सेरी खुर्द में भेज दिया जाएगा। जुर्माना ज्यादा होने के डर से लोग मवेशियों को खुला नहीं छोड़ेंगे। जो छोड़ेंगे, उनके मवेशी जब्त कर लिए जाएंगे। शहर में हर रोज आवारा मवेशियों के सड़कों पर आने से होने वाले हादसे कम हो जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से इलाके के बहुत से लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
अगले छह महीने में इसका काम कर लिया जाएगा
नगरोटा के सेरी खुर्द में कैटल पांड व गोशाला का निर्माण किया जाएगा। हाउस ने भी अनुमति दे दी है। जमीन भी मिल चुकी है। इसकी फेंसिंग के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। अगले छह महीने में इसका काम कर लिया जाएगा। शहर में आवारा मवेशियों के कारण होने वाले हादसे रुक जाएंगे। हमें मवेशियों को रखने की मुश्किल थी। फिर रोजाना 30 से 50 मवेशी पकड़े जाएंगे।
- डॉ. जफर इकबाल, म्यूनिसिपल वेटनरी ऑफिसर, जम्मू
डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जारी है
आवारा मवेशियों के कारण बहुत से हादसे होते हैं। निगम के पास डोगरा हाल कैटल पांड में जगह बहुत कम है। इसलिए हम सेरी खुर्द में कैटल पांड बनाने जा रहे हैं। डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। हफ्ते भर में इसे पूरा करेंगे। शहर को साफ-सुथरा और बढ़िया बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
- चंद्रमोहन गुप्ता, मेयर