विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू वालों के लिए जरूरी खबर! बस स्टैंड पार्किंग हुई महंगी, कार के ₹4,000 महीना; जानें बाइक-ऑटो के नए रेट

Published: Mon, 07 Sep 2026 12:26 PM (GMT+05:30)

जम्मू बस स्टैंड पर पार्किंग शुल्क में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे दुकानदारों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों पर अतिरिक्त ...और पढ़ें

1300 से अधिक कारों और दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा। (फाइल फोटो)

1300 से अधिक कारों और दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पार्किंग शुल्क में 50-60% तक की भारी बढ़ोतरी।

  2. मासिक शुल्क ₹1000 से ₹4000 तक पहुंचा।

  3. जेडीए ठेके की राशि बढ़ने से शुल्क बढ़ा।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) की पार्किंग को निजी हाथों में देने के बाद पार्किंग शुल्क में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरों के कारण रोजाना वाहन पार्क करने वाले दुकानदारों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। पार्किंग में 1300 से अधिक कारों और दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है।

नई दरों के मुताबिक, दोपहिया वाहन के लिए प्रति घंटे 10 रुपये, तिपहिया वाहन के लिए 15 रुपये और चारपहिया अथवा आठ सीटर वाहन के लिए 20 रुपये शुल्क लिया जाता था। अब मासिक और डे-नाइट पार्किंग के 50 से 60 प्रतिशत तक शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है।

दोपहिया और तिपहिया वाहनों की मासिक डे पार्किंग का शुल्क पहले करीब 600 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह दुकानदारों के लिए चारपहिया या आठ सीटर वाहन को 12 घंटे तक खड़ा करने का मासिक शुल्क 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये कर दिया गया है।

वहीं, 24 घंटे यानी डे-नाइट पार्किंग के लिए दोपहिया और तिपहिया वाहनों का मासिक शुल्क करीब 2500 रुपये और चारपहिया व आठ सीटर वाहनों का शुल्क 4000 रुपये बताया जा रहा है। चारपहिया वाहन के लिए यह शुल्क सालाना 48 हजार रुपये तक पहुंच जाता है।

ठेके की राशि बढ़ने से बढ़ा पार्किंग शुल्क

दरअसल, पिछले वर्ष जेडीए की बस स्टैंड पार्किंग का ठेका करीब 1.43 करोड़ रुपये में हुआ था। इस वर्ष ठेके की राशि बढ़ाकर करीब 2.53 करोड़ रुपये कर दी गई है। इसके बाद ठेकेदार की ओर से पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी की गई है।

व्यापारियों और लोगों ने जताई नाराजगी

बस स्टैंड क्षेत्र के व्यापारी गौतम गुप्ता ने कहा कि पार्किंग शुल्क में इतनी बढ़ोतरी से रोजाना वाहन खड़ा करने वाले दुकानदारों पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के लिए मासिक शुल्क उचित होना चाहिए, ताकि लोग सड़क के बजाय पार्किंग में वाहन खड़ा करें।

शुल्क अधिक होने पर लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े कर सकते हैं, जिससे जाम की समस्या बढ़ेगी।

₹4 हजार मासिक शुल्क आम परिवारों पर भारी

स्थानीय निवासी प्रीतम शर्मा ने कहा कि चारपहिया वाहन के लिए 4000 रुपये मासिक शुल्क आम परिवार के लिए बड़ी राशि है। इसका सालाना खर्च 48 हजार रुपये बनता है। उन्होंने जेडीए से नई दरों की समीक्षा कर शुल्क को तर्कसंगत बनाने की मांग की।

पार्किंग का उद्देश्य सड़क किनारे वाहनों की संख्या कम करना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना था। ऐसे में शुल्क अधिक होने से लोग पार्किंग का इस्तेमाल करने के बजाय सड़क पर वाहन खड़ा करने को मजबूर हो सकते हैं। लोगों ने जेडीए से शुल्क की समीक्षा कर इसे आम जनता की पहुंच में रखने की मांग की है।