यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ramban Bus Accident: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग में रामबन में बस पलटी, 8 प्रवासी श्रमिक घायल
जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामबन जिला के खूनी नाले क्षेत्र में आज यानि रविवार सुबह प्रवासी श्रमिकों से ...और पढ़ें

जम्मू, जेएनएन। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामबन जिला के खूनी नाले क्षेत्र में आज यानि रविवार सुबह प्रवासी श्रमिकों से भरी बस पलट गई। इस हादसे में 8 श्रमिकों के घायल होने का समाचार है। गंभीर रूप से छह घायलों को जम्मू के राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, बस नंबर जेके02बीए-1881 से लखनपुर से बड़गाम के लिए प्रवासी श्रमिकों को लेकर जा रही थी कि अचानक रामबन जिला में बस पलट गई। इस हादसे में बस में सवार एक लड़के का हाथ कट गया है जबकि सात अन्य श्रमिक घायल हो गए हैं। इस घटना का समाचार मिलते ही रामबन पुलिस स्टेशन से अधिकारी और जवान व आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत कार्याें में हाथ बंटाया।
इससे पहले सेना और क्यूआरटी की टीम ने बस में फंसे श्रमिकों को बाहर निकाला। सेना के जवानों ने बस की छत पर लदे सामान को उतारा और सबसे पहले घायलों का मौके पर ही प्राथमिक उपचार करना शुरू कर दिया। इसके उपरांत घायलों को तुरंत रामबन के जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। इस घटना के तुरंत बाद बस का चालक फरार हो गया।

जिला अस्पताल रामबन में तैनात मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डा अब्दुल हमीद जरगर ने बताया कि इस हादसे में आठ प्रवासी श्रमिक घायल हुए हैं। इनमें से छह गंभीर रूप से घायलों को जम्मू के राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। इस हादसे में एक लड़के की बाजू कट गई है। रामबन पुलिस स्टेशन ने इस संबंध में मामला दर्ज कर बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
