प्रदेश को राज्य का दलाने के लिए करेंगे आंदोलन
बहुजन समाजवादी पार्टी ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा नहीं दिया तो पार्टी आंदोलन करेगी।
संवाद सहयोगी, मीरा साहिब : विभिन्न राजनीतिक दल जम्मू कश्मीर प्रदेश को राज्य का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को बसपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक पार्टी के वरिष्ठ नेता सरदार राजा सिंह की अगुवाई में हुई। इस दौरान कहा गया कि राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए केंद्र सरकार जल्द से जल्द प्रदेश को राज्य का दर्जा दे।
राजा सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश को राज्य का दर्जा देने के हक में है, क्योंकि यूनियन टेरेटरी होने के कारण प्रदेश का विकास रुक गया है। लोगों को केंद्र सरकार से जो उम्मीदें थीं, वह पूरी की पूरी धराशायी हो गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ना केवल जल्द से जल्द प्रदेश को राज्य का दर्जा मिले, बल्कि विधानसभा चुनाव भी जल्द से जल्द करवाई जाए ताकि एक चुनी हुई सरकार जम्मू-कश्मीर में आ सके और लोगों के काम हो पाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए आंदोलन भी चलाएंगे। लोगों को जागरूक भी करेंगे। इस दौरान बैठक में आए कार्यकर्ताओं ने पार्टी के नेता के समक्ष लोगों की समस्याओं को भी रखा। बसपा नेता ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिया कि जो भी समस्याएं उन्हें बताई गई हैं, उनको प्रशासन तक पहुंचा कर हल करवाया जाएगा। इस मौके पर चमन लाल, जगदीश सिंह, अमरजीत सिंह, रतनलाल, उजागर सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।