अरनिया सेक्टर में बीएसएफ ने चलाया तलाशी अभियान, नौशहरा सीमा पर हुई गोलीबारी
राजौरी के नौशहरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के समीप कलाल क्षेत्र में पाकिस्तानी सैनिकों ने हल्के हथियारों का इस्तेमाल करते हुए भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की।
जम्मू, जेएनएन। सीमावर्ती अरनिया सेक्टर के साथ लगते पिंडी चाढ़का क्षेत्र में संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिलने पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने तड़के तलाशी अभियान चलाया। करीब ढाई घंटे तक चले इस तलाशी अभियान में किसी तरह की हलचल देखे जाने की सूचना नहीं है। वहीं सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने इस अभियान को रूटीन की एक्सरसाइज बताया।
वहीं गांव के लोगों का कहना है कि पिंडी चाढ़का के कुछ लोगों ने सीमा के पास हलचल देगी। उन्हें लगा कि सीमा के पास कुछ लोग मौजूद हैं। उन्होंने इसकी जानकारी सीमा सुरक्षा बल की 42 बटालियन में दी। बिना समय बर्बाद करते हुए बटालियन के जवानों ने पिंडी चाढ़का से मुकेश पोस्ट तक तलाशी अभियान चलाया। सुबह करीब पांच बजे से साढ़े आठ बजे तक चलाए गए इस अभियान में न तो कोई संदिग्ध दिखा और न ही सीमा पर किसी के मौजूद होने के सुराग मिले। जवानों ने अभियान को बंद कर दिया। बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि यह तलाशी अभियान उनकी रूटीन एक्सरसाइज का हिस्सा है।
वहीं जिला राजौरी के नौशहरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के समीप कलाल क्षेत्र में पाकिस्तानी सैनिकों ने हल्के हथियारों का इस्तेमाल करते हुए भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। हालांकि भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद यह गोलीबारी बंद हो गई। इससे एक दिन पहले मंगलवार शाम को भी पाक सेना ने इसी सेक्टर में नंब और कडाली में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। इसमें भी छोटे-बडे़ हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि इस गोलाबारी में किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है।