Jammu Kashmir : वीरता पदक लेने में BSF जम्मू फ्रंटियर आगे , IG Jamwal समेत छह प्रहरियों को मिले 6 अति उत्कृष्ट सेवा पदक
सीमा सुरक्षा बल की जम्मू फ्रंटियर पाकिस्तान की साजिशों को नाकाम बनाने के साथ वीरता का लाेहा मनवाने में भी देश में सबसे आगे हैं। वर्ष 2020 के चुनौतीपूर्ण हालात में सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ बल के अधिकारियों ने बहाुदरी उत्कृष्ट सेवा के लिए खासे पदक जीते।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । सीमा सुरक्षा बल की जम्मू फ्रंटियर पाकिस्तान की साजिशों को नाकाम बनाने के साथ वीरता का लाेहा मनवाने में भी देश में सबसे आगे हैं। वर्ष 2020 के चुनौतीपूर्ण हालात में सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ बल के अधिकारियों ने बहाुदरी, उत्कृष्ट सेवा के लिए खासे पदक जीते।
जारी वर्ष में सीमा सुरक्षा बल जम्मू फ्रंटियर को 6 अति उत्कृष्ट सेवा पदक मिले। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दिए गए इन पदकों में से एक जम्मू फ्रंटियर के आईजी एनएस जमवाल को भी मिला। उनके साथ जम्मू फ्रंटियर के पांच कर्मियों को भी ये पदक मिले। इसके साथ साथ सीमा प्रहरियों को बहादुरी के लिए 7 पुलिस मेडल, एक राष्ट्रपति पुलिस मेडल व उल्लेखनीय सेवा के लिए 15 पुलिस पदक भी मिले। इसके साथ बल के जवानों व अधिकारियों को पांच उत्कृष्ट सेवा पदक व 229 महानिदेशक प्रशस्ति पत्र भी मिले।
इन अधिकारियाें व जवानों ने चुनौतीपूर्ण हालात में दुश्मन के मंसूबों को नाकाम बनाने की दिशा में कार्य किया था। जारी वर्ष सीमा प्रहरियों ने लिए खास चुनौतीपूर्ण रहा। इस दौरान जम्मू फ्रंटियर में सीमा पर पाकिस्तान की सुरंग खोदने के साथ ड्रोन से हथियार फैंकने व आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने की कई साजिशों को भी नाकाम बनाया गया। इसके साथ सीमा पार से जम्मू कश्मीर में अरबों रूपये के नशीले पदार्थ के साथ गोला बारूद भेजने की पाकिस्तान की साजिशों को भी कामयाब नही होने दिया गया। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से समय समय पर जम्मू में 192 किलोमीटर अंतर्राष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे सीमा प्रहरियों का उत्साह भी बढ़ाया गया।