जब मतदान केंद्र पर पहुंची बारात तो सब हुए हैरान
बारात के साथ रवाना होने से पहले दुल्हे ने अपना वोट डाल दुनिया के सामने यह मिसाल कायम कर दी कि देश के सबसे बड़े लोकतंत्र में वोट की क्या अहमियत है।
सांबा, सुनील चौधरी। उस समय मतदान केंद्र पर बैठे अधिकारी हैरान हो गये जब गाजे-बाजे के साथ बारात मतदान केंद्र पहुंच गई। कुछ समय के लिए मतदान केंद्र में तैनात सुरक्षा जवानों को भी यह पता नहीं चला कि बारात यहां क्यों आ रही है? उन्हें लगा कि शायद रास्ता भटक गए हैं। जवानों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो घोड़े पर बैठे दुल्हे ने अपना मतदाता पहचान पत्र दिखाया तो उन्हें कुछ समझ आई। इस दौरान बारात में शामिल दुल्हे के परिजनों ने भी पहचान पत्र दिखाया तो उन्हें माजरा समझ आया कि दुल्हे राजा और उनके परिवार के सदस्य मतदान केंद्र में वोट डालने के लिए अाए हैं।
यह मामला जम्मू के सीमावर्ती सांबा जिला के बड़ी ब्राह्मणा इलाके का है। बारात के साथ रवाना होने से पहले दुल्हे ने अपना वोट डाल दुनिया के सामने यह मिसाल कायम कर दी कि देश के सबसे बड़े लोकतंत्र में वोट की क्या अहमियत है। बड़ी ब्राह्मणा नगरपालिका की वार्ड नंबर 13 के शंभुु राम पुत्र स्वर्गीय काकू राम की आज शादी थी। एक ओर वह जिंदगी की नई शुरूआत करने जा रहा था वहीं दूसरी ओर आने वाले पांच वर्षोें के लिए उन्हें अपनी वार्ड का मेंबर भी चुनना था। शादी के दौरान जब दूल्हे ने सेहरा बांधा होता है तो उसका हर मिनट बहुत कीमती होती है। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच होने वाली शादी में समयानुसार ही सारी विधियां होती हैं। उसके बावजूद भी शंभू राम सेहरा बांध कर ही सरकारी स्कूल करगाल में बने पोलिंग बूथ पर अपना वोट डालने के लिए पहुंचा। लोकतंत्र पर इस तरह के विश्वास को देखते हुए अन्य युवाओं में भी जोश पैदा किया।
विजयपुर की वार्ड नंबर 6 से अरूण सिंह जम्वाल भी सेहरा पहन कर अपना वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। शादी के दौरान अरूण भी अपने देवी-देवता के यहां पूजा के लिए जा रहा था। इन दूल्हे राजाओं की मतदान के प्रति जागरूकता को देख वहां पर तैनात चुनाव अधिकारी भी हैरान थे।