कल्याण के कविता संग्रह 'पहाड़ अपनी जगह छोड़ रहा है' का विमोचन
जागरण संवाददाता, जम्मू : प्रसिद्ध ¨हदी साहित्यकार शेख मोहम्मद कल्याण के कविता संग्रह 'पहाड़ अ
जागरण संवाददाता, जम्मू : प्रसिद्ध ¨हदी साहित्यकार शेख मोहम्मद कल्याण के कविता संग्रह 'पहाड़ अपनी जगह छोड़ रहा है' का विमोचन किया गया।
संस्कृति मंच जम्मू और प्रेस क्लब जम्मू के संयुक्त रूप से आयोजित समारोह में साहित्य अकादमी नई दिल्ली के डोगरी सलाहकार बोर्ड के कन्वीनर और डोगरी के साहित्यकार दर्शन दर्शी और जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के पूर्व सचिव रमेश मेहता ने शेख मोहम्मद कल्याण के कविता संग्रह का विमोचन किया। यह कल्याण का दूसरा कविता संग्रह है। संस्कृति मंच जम्मू के प्रधान और प्रेस क्लब जम्मू के उपप्रधान अभिमन्यु शर्मा ने स्वागत भाषण में शेख मोहम्मद कल्याण को कविता संग्रह लिखने पर मुबारकबाद देते हुए कहा कि मंच सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने में हमेशा ही प्रयासरत रहा है। उन्होंने घोषणा की कि मंच शीघ्र ही साहित्यिक कार्यक्रम वसंत के हर कार्यक्रम शुरू करेगा। इस कार्यक्रम में युवा कवियों को अपनी कविताएं पेश करने का मौका मिलेगा। कविताओं पर पोस्टर प्रदर्शनी भी होगी। इसके लिए उन्होंने सभी भाषाओं के साहित्यकारों से सहयोग का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि दर्शन दर्शी ने शेख कल्याण के कविता संग्रह की सराहना करते हुए कहा कि कल्याण ने ईमानदारी के साथ अपनी कविताओं को लिखा है। उनकी कविताएं क्षेत्रीय स्वाद को दर्शाती हैं।
रमेश मेहता ने कहा कि कल्याण की कविताओं से तनाव दूर होता है और साधारण ढंग से पेश की गई कविताएं लोगों को पसंद आएंगी। प्रेस क्लब जम्मू के प्रधान अश्विनी कुमार ने कहा कि क्लब कलाकारों और साहित्यकारों को बढ़ावा देने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कल्याण को दूसरा कविता संग्रह लिखने पर मुबारकबाद दी। युवा कवि कमलजीत चौधरी और डॉ रजनी बाला ने कल्याण की कविताओं की सराहना करते हुए पेपर प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक मंच जम्मू के संस्थापक मनोज शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि कल्याण की कविताएं समाज को सही दिशा में आगे ले जाने के लिए अहम हैं। कलाकार राज कुमार बहुरूपिया ने मंच का संचालन किया।