Jammu: आज आएंगे भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, जम्मू-श्रीनगर में करेंगे कार्यकर्ताओं से बैठकें
जम्मू-कश्मीर में परिसीमन आयोग के दौरे के बाद भाजपा ने विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी सतह पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। ऐसे हालात में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के दौरे के दौरान प्रदेश में राजनीतिक लक्ष्य हासिल करने के लिए संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्रवाई होगी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जम्मू कश्मीर में पार्टी गतिविधियों को तेजी देने के लिए वीरवार को जम्मू पहुंचे जा रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे बीएल संतोष जम्मू में वीरवार, शुक्रवार को प्रदेश पदाधिकारियों, जिला, मोर्चा के अधिकारियों से बैठकें कर उन्हें जमीनी सतह पर गतिविधियों को तेजी देने के निर्देश देंगे। इस दौरान पार्टी द्वारा जम्मू में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के साथ आने वाले दिनों में की जाने वाली कार्रवाई पर भी चर्चा होगी।
इसी बीच जम्मू में शुक्रवार दोपहर तक बैठकें करने के बाद बीएल संतोष शाम को श्रीनगर के लिए रवाना हो जाएंगे। वह श्रीनगर में शुक्रवार व शनिवार को बैठकें कर संभाग में पार्टी का आधार मजबूत करने की कार्रवाई की समीक्षा करेंगे। इस दौरे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना व संगठन महामंत्री अशोक कौल भी उनके साथ रवाना होंगे। बीएल संतोष कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ताओं को पेश आ रही मुश्किलाें के बारे में भी जानकारी लेंगे।
जम्मू कश्मीर में परिसीमन आयोग के दौरे के बाद भाजपा ने विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी सतह पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। ऐसे हालात में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के दौरे के दौरान प्रदेश में राजनीतिक लक्ष्य हासिल करने के लिए संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्रवाई होगी। बीएल संतोष श्रीनगर से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।