Kishtwar Terror Attack: आरएसएस नेता, पीएसओ की हत्या एक बड़ी सुरक्षा चूक: रविन्द्र रैना
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि किश्तवाड़ में भाजपा नेताआें कार्यकर्ताओं को इस बात के पुख्ता संकेत मिल रहे थे कि क्षेत्र में राष्ट्रवादी तत्वों को निशाना बनाने की साजिश हो रही है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने कहा है कि किश्तवाड़ में संघ के नेता व उनके पीएसओ की आतंकवादी हमले में हत्या एक बड़ी सुरक्षा चूक है। उन्होंने कहा कि खुफिया तंत्र की नाकामी के कारण आतंकवादी दिन दहाड़े हमला करने के बाद भाग निकले।
रैना ने कहा कि भाजपा के महासचिव सुनील शर्मा ने छह महीने पहले किश्तवाड़ प्रशासन को आतंकवादी गतिविधियों में तेजी के बारे में आगाह किया था। अगर प्रशासन ने समय पर हरकत में आकर कार्रवाई की हाेती तो आज न सिर्फ चन्द्रकांत शर्मा अपितु भाजपा नेता अनिल परिहार व उनके भाई अजीत परिहार भी जिंदा होते। उन्होंने जोर दिया कि हमले के लिए जिम्मेवार आतंकवादियों की धरपकड़ कर उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाया। राष्ट्रवादी तत्वों का मनोबल बनाए रखने के लिए ऐसा करना जरूरी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि किश्तवाड़ में भाजपा नेताआें, कार्यकर्ताओं को इस बात के पुख्ता संकेत मिल रहे थे कि क्षेत्र में राष्ट्रवादी तत्वों को निशाना बनाने की साजिश हो रही है। इसे लेकर लगातार आवाज उठाई गई लेकिन प्रशासन ने इसे नजरअंदाज किया। इससे आतंकवादियों को कार्रवाई करने के लिए मौका मिल गया। वह शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता भी मौजूद थे।
किश्तवाड़ में आतंकवाद से सख्ती से निपटने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह जिला सेना के हवाले कर दिया जाना चाहिए। सेना कश्मीर की तर्ज पर किश्तवाड़ में भी आपरेशन आल आउट चलाकर क्षेत्र में आतंकवाद को बढ़ावा देने की साजिश को नाकाम बनाए। उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग से आतंकवादियों ने किश्तवाड़ के मड़वा, डच्चन इलाकों में घुसपैठ की है। इन इलाकों में पैर पक्के कर रहे आतंकवादियों को जल्द से जल्द उनके अंजाम तक पहुंचाया जाए।