हिल काउंसिल के चुनाव प्रचार के लिए कारगिल पहुंचे भाजपाई
राज्य ब्यूरो, जम्मू : कारगिल डिल डेवलपमेंट काउंसिल के चुनाव प्रचार को तेजी देने के लिए प्रदे
राज्य ब्यूरो, जम्मू : कारगिल डिल डेवलपमेंट काउंसिल के चुनाव प्रचार को तेजी देने के लिए प्रदेश भाजपा नेताओं ने जिले में डेरा डाल दिया है। हिल काउंसिल की 26 सीटों के लिए 27 अगस्त को मतदान होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल पूरा जोर लगा रहे हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष पवन खजूरिया के नेतृत्व में कारगिल पहुंचे भाजपा नेताओं ने जिला इकाई के पदाधिकारियों से तैयारियों पर विचार विमर्श करने के साथ बैठकों को भी संबोधित किया। प्रचार को तेजी देने पहुंचे भाजपा नेताओं में एमएलसी विक्रम रंधावा, मुनीश शर्मा व कारगिल भाजपा के जिला प्रधान अली मोहम्मद मजाज मुख्य थे। भाजपा के ये नेता कुछ दिन कारगिल में डेरा डाल कर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बैठकें करेंगे।
कारगिल के तरसपोन वार्ड में हुई बैठक में पवन खजूरिया ने कहा कि कार्यकर्ता सुनिश्चित करें कि सभी सीटों पर भाजपा की जीत हो। हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए लोगों के मसलों को हल करने के प्रयास करें। निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा करना ही भाजपा का लक्ष्य है। कार्यकर्ता समर्पण भाव से लोगों के बीच जाकर उनके काम करें। इस दौरान चुनाव में जीत सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
एमएलसी विक्रम रंधावा ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा कारगिल में करवाए गए विकास कार्यो की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा जिले के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। केंद्र सरकार की ओर से भी पूरी कोशिश की जा रही है कि जिले में रोजगार के साधन पैदा हों। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा कार्यकर्ता कारगिल के लोगों को केंद्र प्रायोजित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास करें। इस मौके पर मुनीश शर्मा ने भी संबोधित किया।
कारगिल जिला भाजपा इकाई के प्रधान अली मोहम्मद ने मोदी सरकार के कार्यो की जानकारी देते हुए बताया कि लोगों को भाजपा से बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रदेश भाजपा जिले में हिल काउंसिल चुनाव में प्रतिद्वंदी पार्टियों को पराजित कर अपने सशक्त होने का सुबूत देगी। उन्होंने चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए जमीनी सतह पर हो रही कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।