जम्मू कश्मीर में भाजपा का मिशन विधानसभा चुनाव शुरू
जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद चुनाव में सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में उभरी भाजपा ने अब मिशन विधानसभा चुनाव शुरू कर दिया है। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए भाजपा ने पांच हजार नए प्रशिक्षक तैयार किए हैं।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद चुनाव में सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में उभरी भाजपा ने अब मिशन विधानसभा चुनाव शुरू कर दिया है। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए भाजपा ने पांच हजार नए प्रशिक्षक तैयार किए हैं।
अपने मिशन को मंजिल तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भाजपा रणनीति बनाने के लिए 26 जनवरी के बाद से बैठकें शुरू कर देगी। प्रदेश में मंडल स्तर पर हुए अभ्यास वर्गो में तैयार किए प्रशिक्षक अब जमीन पर उतरकर लोगों से तालमेल बनाकर उनका समर्थन हासिल किया जाएगा। पार्टी ने कश्मीर में भी प्रशिक्षक तैयार किए हैं। इन्हें संगठन महामंत्री अशोक कौल की देखरेख में तैयार किया गया है। जिला विकास परिषद चुनाव में कश्मीर में भाजपा को तीन सीटें मिली हैं। कश्मीर में कमल खिलने की शुरुआत से भाजपा उत्साहित है। इसलिए कश्मीर में पार्टी नेताओं के दौरों में तेजी आएगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अपनी सरकार बनाने के लिए पार्टी तैयार है। इसके लिए जमीनी सतह पर तैयारियां जारी हैं। जिला विकास परिषद चुनाव में मजबूत होकर भाजपा ने साबित कर दिया है कि लोगों पार्टी की विकास की नीतियों से खुश हैं। प्रदेश भाजपा इस समय जम्मू कश्मीर में अपनी सरकार बनाने के लिए खुद को तैयार कर रही है। इसलिए पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गत दिनों सभी जिलों के नए प्रभारी बनाए गए हैं। इसके अलावा पार्टी के अपने 27 विभागों के नए प्रभारी बना दिए गए हैं। इन सभी को समाज के हर वर्ग के साथ जुड़ने के निर्देश दिए हैं।