बेलगाम महंगाई रोकने में भाजपा विफल : रमण भल्ला
आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने में भारतीय जनता पार्टी असफल हो गई है। इससे कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हो गए हैं। यह बात बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रमन भल्ला ने गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही।
जागरण संवाददाता, जम्मू : आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने में भारतीय जनता पार्टी असफल हो गई है। इससे कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हो गए हैं। यह बात बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रमन भल्ला ने गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही।
भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए भल्ला ने आरोप लगाया कि एक ओर तो अनाज के भंडारण न हो पाने के से अनाज बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी ओर लोग दो वक्त की रोजी रोटी के लिए मोहताज होकर रह गए हैं। महंगाई के इस दौर में सरसों तेल की कीमत 200 रुपये लीटर तक पहुंच गई है। पेट्रोल के दाम 100 रुपये लीटर तक पहुंच गए हैं। एक बार पेट्रोल के बिना जी सकते हैं, लेकिन सब्जी और दाल के बिना जीना मुश्किल हो गया है। दाल की कीमतें आसमान छू रही हैं। आखिर इंसान खाएगा तो क्या खाए? भल्ला ने कहा कि भाजपा ने लोगों का खून चूस लिया है। ऐसे में देश की आर्थिक दशा और दिशा पटरी से उतर गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि सुरसा की तरह मुंह बाए खड़ी महंगाई पर लगाम लगाने के लिए देश की सकल घरेलू उत्पाद को बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए। महंगाई के इस दौर में आम जनता खुद को असहाय समझ रही है। ऐसे गरीबों की मदद के लिए भाजपा को आगे आना चाहिए। उन्होंने उप राज्यपाल प्रशासन को सलाह दी कि महंगाई को रोकने के लिए कालाबाजारी को रोका जाए। जहां तक संभव हो तो कोल्ड स्टोरेज में पड़े माल का आकलन किया जाए। अगर कोल्ड स्टोरेज में भंडारण माल को बाहर निकाला जाए तो खाद्य पदार्थों की कीमत पर लगाम लग सकती है। इस सब के लिए उन्होंने भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। भल्ला ने नरेंद्र मोदी से मांग की कि महंगाई पर काबू पाने के लिए कोई रोड मैप तैयार करें। इसके लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए।