विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कहां हैं 200 यूनिट मुफ्त बिजली और 5000 की मदद?', BJP ने उमर सरकार से मांगा 2 साल का रिपोर्ट कार्ड

Published: Sat, 17 Oct 2026 09:13 AM (IST)

भाजपा ने उमर अब्दुल्ला सरकार से चुनावी वादों को पूरा न करने और शासन में विफल रहने पर दो साल ...और पढ़ें

उमर सरकार से बीजेपी ने मांगा काम का रिपोर्ट कार्ड।

उमर सरकार से बीजेपी ने मांगा काम का रिपोर्ट कार्ड।

HighLights

  1. भाजपा ने उमर सरकार से दो साल का रिपोर्ट कार्ड मांगा

  2. रोजगार, मुफ्त बिजली जैसे चुनावी वादे पूरे नहीं हुए

  3. महिला कल्याण योजनाओं और स्थानीय चुनावों में देरी पर सवाल

जागरण संवाददाता, जम्मू। प्रदेश भाजपा ने नेशनल कांफ्रेंस सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने और शासन में विफल रहने का आरोप लगाते हुए दो साल का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की मांग की है।

त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी प्रवक्ता डा. ताहिर चौधरी, जीएल रैना और रजनी सेठी ने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए।

वादे नहीं किए पूरे

चौधरी ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए रोजगार, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और कल्याणकारी योजनाओं के वादों पर ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। जीएल रैना ने पंचायत, बीडीसी और डीडीसी चुनावों में देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे जमीनी स्तर पर लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।

उन्होंने रोजगार और बिजली संबंधी वादों की स्थिति स्पष्ट करने और विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पेश करने की मांग की।

महिला कल्याण से जुड़े वादों पर उठाया सवाल

रजनी सेठी ने महिला कल्याण से जुड़े वादों के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए। उन्होंने गरीब परिवारों की महिला मुखियाओं को हर महीने 5000 रुपये की सहायता, महिलाओं के लिए मुफ्त सार्वजनिक परिवहन, 12 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, विवाह सहायता में वृद्धि, विश्वविद्यालय स्तर तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा और महिला उद्यमियों को सहायता देने की योजनाओं की स्थिति बताने को कहा।

जम्मू-कश्मीर में महिला आयोग के गठन में देरी पर भी उन्होंने जवाब मांगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि चुनावी वादे जनता के प्रति प्रतिबद्धताएं हैं। जम्मू-कश्मीर की जनता को बहाने नहीं, जवाबदेही, विकास और सुशासन चाहिए।

यह भी पढ़ें- IAS-JKAS विवाद: वायरल वीडियो पर जम्मू-कश्मीर श्रम विभाग की सफाई; कहा- अधूरे क्लिप से निष्कर्ष न निकालें