अब विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कमर कस लें भाजपा कॉरपोरेटर: रैना
भाजपा के कॉरपोरेटर लोगों व प्रशासन के बीच पुल की भूमिका निभाते हुए विकास को तेजी दें। इसके लिए उन्हें पार्टी की ओर से हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। ऐसे में भाजपा के कॉरपोरेटर पार्टी की जीत सुनिश्चित बनाने के लिए कमर कस लें। संसदीय चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेजी दे रही प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को जम्मू नगर निगम के अपने कॉरपोरेटरों की बैठक में यह निर्देश दिए।
चुनावी तैयारियों को तेजी देने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना की अध्यक्षता में हुई बैठक में जोर दिया गया कि भाजपा के कॉरपोरेटर व काउंसलर जमीन सतह पर लोगों से समन्वय बनाकर विकास को तेजी दें। दोपहर को पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता, जम्मू नगर निगम के मेयर चन्द्र मोहन गुप्ता, महासचिव डॉ. नरेन्द्र सिंह, युद्धवीर सेठी, डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा व चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया भी मौजूद थे। बैठक से पहले विधानसभा चुनाव को तेजी देने के लिए भाजपा पहले अपने पदाधिकारियों, उसके बाद निगम के मेयर व काउंसिलों, कमेटियों के प्रधानों व उप प्रधानों से भी बैठकें कर चुकी है।
बैठक में रविन्द्र रैना ने कहा कि जम्मू शहर, संभाग का केंद्र बिंदु है। ऐसे में सबकी नजरें जम्मू शहर में सुविधाओं और लोगों की मुश्किलों पर रहती हैं। भाजपा के कॉरपोरेटरों की जिम्मेदारी बनती है कि वे बिजली, पानी और साफ सफाई संबंधी मुश्किलों को दूर करने पर पूरा ध्यान दें। उन्होंने कहा कि भाजपा के कॉरपोरेटर लोगों व प्रशासन के बीच पुल की भूमिका निभाते हुए विकास को तेजी दें। इसके लिए उन्हें पार्टी की ओर से हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा। बैठक में कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि जम्मू को ग्रेटर व स्मार्ट सिटी बनाने के लिए कॉरपोरेटरों के कंधों पर अहम जिम्मेदारी है।
भाजपा राज्य में निकाय चुनाव करवाने में कामयाब रही है। पहले निकाय चुनाव में कम भागीदारी के कारण जम्मू कश्मीर में विकास की राह में बाधाएं आई। अब समय है कि कॉरपोरेटर अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठा से निभाते हुए समाज को बेहतर बनाएं। वहीं, मेयर ने जन कल्याण के लिए निगम और भाजपा के कॉरपोरेटरों की ओर से चलाई जा रही मुहिम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों के मसलों को बेहतर कार्य संस्कृति से हल किया जा रहा है। उन्होंने शहर के विकास के लिए निगम की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन डॉ. नरेन्द्र सिंह ने किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप