ऊधमपुर के बाद कटड़ा, रियासी म्यूनिसिपल कमेटी पर भी भाजपा का कब्जा
कटड़ा म्यूनिसिपल कमेटी में अध्यक्ष पद पर विमल इंदु, उपाध्यक्ष पद पर अजय बड़ू, रियासी में अध्यक्ष पर पद पर सुदेश पूरी उपाध्यक्ष पर भाजपा समर्थन से उतरे जोगराज ने अपनी जीत दजर् कराइ
जम्मू, जेएनएन। ऊधमपुर के नगर परिषद चुनावों में जीत दर्ज कराने के बाद भाजपा ने श्री माता वैष्णो देवी आधार शिविर कटड़ा और जिला रियासी की म्यूनिसिपल कमेटियों पर भी कब्जा जमा लिया। कटड़ा म्यूनिसिपल कमेटी में अध्यक्ष पद पर विमल इंदु जबकि उपाध्यक्ष पद पर अजय बड़ू ने जीत हासिल की। इसी तरह रियासी में अध्यक्ष पर पद पर सुदेश पूरी जबकि उपाध्यक्ष पर भाजपा समर्थन से उतरे जोगराज अपनी जीत दर्ज कराने में कामयाब रहे।
कटड़ा म्यूनिसिपल कमेटी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद को लेकर निकाय चुनाव समाप्त होने के बाद से ही कस्बे में गहमागहमी चल रही थी। यहां भाजपा के सात कारपाेरेटर के साथ बहुमत होने के बावजूद विपक्षी इन पदों पर कब्जा जमाने के लिए जोड़-तोड़ का प्रयास कर रही थी। मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही इन पदों पर बना संस्पेंस भी हट गया। भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए वार्ड नंबर 12 के कारपोरेटर विमल इंदु को मैदान में उतारा था। उनके सामने कांग्रेस के कारपोरेटर रवीन्द्र सिंह नाग थे। इंदु अपने सहयोगियों का समर्थन हासिल करने के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन जुटाने में भी सफल रहे। उन्होंने 9 वोट हासिल किए। वहीं रवीन्द्र सिंह नाग ने तीन वोट प्राप्त किए।
इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए चुनावी मैदान में उतरे भाजपा उम्मीदवार अजय वड़ू ने भी अपने सहयोगियों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवारों का सहयोग प्राप्त करते हुए नौ वोट प्राप्त किए। उनके मुकाबले में खड़े राजेश सढौत्रा के पक्ष में तीन वोट आए। निर्दलीय उम्मीदवार वीके रॉय ने अपने आप को इस चुनावी प्रक्रिया से बाहर रखा। वह मतदान करने के लिए नहीं आए। कटड़ा म्यूनिसिपल कमेटी पर भाजपा का वर्चस्व कायम होते ही कस्बा भारतीय जनता पार्टी के नारों से गूंज उठा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के साथ भाजपा कारपोरेटर, कार्यकर्ताओं और कस्बा वासियों ने मुख्य बाजार से रैली भी निकाली।
वहीं रियासी म्यूनिसिपल कमेटी पर भी भाजपा का कब्जा रहा। यहां भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए सुदेश पूरी को मैदान में उतारा था जबकि निर्दलीय का साथ हासिल करने के लिए उपाध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय उम्मीवार जोगराज को समर्थन दिया था। सुदेश पूरी ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार अमित शर्मा को सात वोटों से हराया। उन्होंने 13 में से 10 वोट हासिल किए जबकि अमित के हिस्से मात्र तीन वोट आए। वहीं भाजपा समर्थन से उपाध्यक्ष पद के लिए लड़ रहे निर्दलीय उम्मीदवार जोगराज ने 9 वोट हासिल कर इस सीट पर कब्जा जमा लिया। उनका मुकाबला कांग्रेस के समर्थन से उतरे निर्दलीय कारपोरेटर वीरेंद्र कुमार से था, जिन्होंने चार वोट हासिल किए। रियासी म्यूनिसिपल कमेटी में भाजपा के छह, निर्दलीय पांच जबकि कांग्र्रेस के दो कारपोरेटर शामिल हैं।