Ladakh Union Territory: नए केंद्र शासित लद्दाख की राजधानी लेह में भाजपा के नए कार्यालय में काम शुरू
लद्दाख के सांसद जामियांग त्सीरिंग नांग्याल संगठन महामंत्री अशोक कौल लेह भाजपा प्रधान दोरजे आंगचुक लेह हिल काउंसिल के चीफ एग्जीक्यूटिव काउंसिलर सहित अन्य मौजूद थे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की राजधानी लेह में गयारह हजार फुट की उंचाई पर भाजपा के नए मुख्यालय में वीरवार से कामकाज शुरू हो गया। सर्व सुविधा संपन्न मुख्यालय में वाई फाई, आधुनिक संचार व्यवस्था के साथ असैंबली हाल में सीधे दिल्ली में वीडियो कांफ्रेंसिंग करने का भी पूरा प्रबंध है।
लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने लेह में इस मुख्यालय का उद्घाटन करते हुए कहा कि नए केंद्र शासित प्रदेश में नया भाजपा मुख्यालय का उद्घाटन शुभ संकेत है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता लद्दाख में बूथ स्तर पर भाजपा को सशक्त बनाने के लिए कार्रवाई करें। जन आकांक्षाएं पूरी होने के लिए लद्दाख के लोगों को बधाई देते हुए अरूण सिंह ने कहा कि मोदी सरकार तेज विकास से लद्दाख के लोगों की कायाकल्प करने की राह पर है।
अरूण सिंह ने लेह की हाउसिंग कालोनी में हवन, पूजन के बीच नए मुख्यालय का उद्घाटन किया। उनके साथ इस माैके पर लद्दाख के सांसद जामियांग त्सीरिंग नांग्याल, संगठन महामंत्री अशोक कौल, लेह भाजपा प्रधान दोरजे आंगचुक, लेह हिल काउंसिल के चीफ एग्जीक्यूटिव काउंसिलर व गई भाजपा नेता, कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इस मौके पर भाजपा सांसद ने विचार व्यक्त करते हुए एतिहासिक फैसलों के लिए मोदी सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कश्मीर केंद्रित सरकारों के भेदभाव के कारण पिछड़ गए लद्दाख में अब तेज विकास की उम्मीद से लोग पूरे जोश में हैं।
इसी बीच नए मुख्यालय के उद्घाटन में लेह के विभिन्न हिस्साें से खासी संख्या में पहुंच भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र शासित प्रदेश की मांग पूरी होने पर भाजपा नेतृत्व का अाभार भी जताया। दोपहर को अरूण सिंह ने लेह भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्यों, मंडल प्रधान, जिला प्रधानों के साथ ब्लाक डेवेलपमेंट काउंसिल चेयरमैन के साथ बैठक भी की। उन्होंने जोर दिया कि लद्दाख में भाजपा की नई व्यवस्था बनाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में पार्टी नेता, कार्यकर्ता जल्द लद्दाख में नए मंडल, जिला प्रधान बनाने के लिए संगठनात्मक चुनाव शुरू करें। भाजपा की पूरी कोशिश होगी कि लद्दाख में भाजपा की नई इकाई स्थापित की जाए।
इसी बीच लेह में भाजपा की गतिविधियों को तेजी देने के बाद शुक्रवार को अरूण सिंह लेह से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके बाद प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल भी लद्दाख दौरा समेट कर जम्मू आ जाएंगे।