विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में बारिश ने छीन ली खुशी, कटाई से पहले खेतों में बिछी बासमती; किसानों को नुकसान की चिंता

Published: Mon, 12 Oct 2026 02:40 PM (GMT+05:30)

बिश्नाह में बारिश ने कटाई के लिए तैयार बासमती धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की ...और पढ़ें

बिश्नाह क्षेत्र में  बारिश से बासमती धान की फसल तबाह।

बिश्नाह क्षेत्र में  बारिश से बासमती धान की फसल तबाह।

HighLights

  1. बिश्नाह में भारी बारिश से बासमती धान की फसल बर्बाद।

  2. खेतों में पानी भरने से कटाई से पहले फसल बिछी।

  3. विधायक राजीव भगत ने किसानों को मुआवजे का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, बिश्नाह। बिश्नाह क्षेत्र के किसानों के लिए बारिश आफत बनकर बरसी। खेतों में पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी धान की फसल पानी में डूब गई, जबकि कई खेतों में फसल जमीन पर बिछ गई। अचानक बदले मौसम ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसल को हुए नुकसान से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं और उनके सामने आर्थिक संकट की चिंता खड़ी हो गई है।

बारिश के कारण खेतों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। जिन किसानों को कुछ ही दिनों में धान की कटाई कर अपनी उपज घर लाने की उम्मीद थी, अब वे खेतों में जमा पानी और जमीन पर गिरी फसल को देखकर चिंतित हैं।

किसानों का कहना है कि धान की फसल उनकी सालभर की मेहनत और परिवार की आजीविका का बड़ा सहारा होती है। ऐसे समय पर बारिश से हुआ नुकसान उनकी आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर सकता है।

शहर से सीमावर्ती गांवों तक नुकसान का जायजा

किसानों की परेशानी को देखते हुए बिश्नाह के विधायक डॉ. राजीव भगत ने चकड़ा पंचायत के पूर्व सरपंच विजय सैनी तथा कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ शहर से लेकर सीमावर्ती क्षेत्र के अंतिम गांवों तक प्रभावित खेतों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और फसल को हुए नुकसान पर दुख जताया।

विधायक ने कहा कि किसानों की मेहनत को इस तरह नुकसान पहुंचना बेहद दुखद है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित किसानों को उचित राहत दिलाने के लिए सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उपराज्यपाल तक किसानों की आवाज पहुंचाई जाएगी, ताकि नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को उनका हक मिल सके।

अब सर्वे और मुआवजे की उम्मीद

बारिश से प्रभावित किसानों की निगाहें अब प्रशासन की ओर टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि कृषि एवं राजस्व विभाग जल्द खेतों का सर्वे कर नुकसान का सही आकलन करेंगे और सरकार तक रिपोर्ट पहुंचाएंगे। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते उचित राहत नहीं मिली तो उनके लिए अगली फसल की तैयारी और परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो सकता है।

फिलहाल बिश्नाह क्षेत्र में धान की फसल को हुए नुकसान का वास्तविक आंकड़ा आधिकारिक सर्वे के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। किसानों की मांग है कि नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर उन्हें जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए।

इस मौके पर पूर्व सरपंच बलबीर कौर पूर्व सरपंच रघुवीर सिंह सहित कई किसान मौजूद थे फोटों सहित ,रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से खराब हुई बासमती की फसल का मुआयना करते विधायक राजीव भगत ब राजस्व की टीम