शनिवार की छुट्टी चाहिए! जम्मू में बैंक कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, 5-डे वर्किंग लागू करने की मांग
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंक कर्मचारी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर ...और पढ़ें

जम्मू में बैंकों कर्मचारियों ने बहु प्लाजा में प्रदर्शन किया।
HighLights
बैंक कर्मचारी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग पर हड़ताल पर।
जम्मू के बहु प्लाजा में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन किया।
मार्च 2024 के समझौते के बावजूद पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, जम्मू। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण जम्मू में भी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं। जम्मू में भी विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने बहु प्लाजा में अपनी मांगो के समर्थन में प्रदर्शन किया। यहां पर प्रदर्शन का नेतृत्व आल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के सचिव राजेश मेहता ने किया।
यूनियन नेताओं ने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने और औपचारिक समझौता होने के बावजूद मांगों के समाधान में हो रही देरी के कारण कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। उनकी प्रमुख मांग बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना है।
नेताओं के अनुसार, मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक यूनियनों के बीच पांच दिवसीय बैंकिंग को लेकर समझौता हुआ था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।
केंद्र में 1985 से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू
यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यालयों में वर्ष 1985 से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। राज्य सरकार के कार्यालयों, जिला कार्यालयों, अदालतों, आयकर विभाग, शेयर बाजार, भारतीय रिजर्व बैंक और एलआईसी समेत कई संस्थानों में भी पांच दिवसीय व्यवस्था लागू है। इसके विपरीत बैंक कर्मचारियों को अभी भी शनिवार को काम करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि आज बैंकिंग सेवाएं एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से 24 घंटे उपलब्ध हैं। मार्च 2024 के समझौते के तहत यूनियनों ने प्रस्तावित पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के बदले प्रत्येक कार्यदिवस में बैंकिंग और कामकाज के समय में 40 मिनट की वृद्धि पर सहमति जताई थी, ताकि ग्राहकों को उपलब्ध कुल बैंकिंग समय प्रभावित न हो।
हड़ताल में कटेगा एक दिन का वेतन
यूनियन नेताओं ने हड़ताल में कर्मचारियों के आर्थिक नुकसान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों की हड़ताल वाले दिन का वेतन काटा जाता है। इसके बावजूद कर्मचारी एक दिन का वेतन गंवाने के लिए तैयार होकर आंदोलन में शामिल हुए हैं, जो मांग को लेकर उनकी गंभीरता और लंबे समय से जारी देरी के प्रति नाराजगी को दर्शाता है।
इसी तरह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न केंद्रों में भी प्रदर्शन किए गए, जो कठुआ से लेकर कारगिल तक आयोजित हुए। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को आगे की हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का भी ऐलान किया गया है।
