बालटाल रूट पर बारिश और फिसलन से बाबा अमरनाथ यात्रा स्थगित
राज्य ब्यूरो जम्मू बाबा अमरनाथ यात्रा के बालटाल रूट पर बारिश और फिसलन से शुक्रवार को यात्रा स्थगित कर दी गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें बालटाल से पवित्र गुफा की तरफ नहीं जाने दिया गया। पहलगाम रूट से यात्रा जारी है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : बाबा अमरनाथ यात्रा के बालटाल रूट पर बारिश और फिसलन से शुक्रवार को यात्रा स्थगित कर दी गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें बालटाल से पवित्र गुफा की तरफ नहीं जाने दिया गया। पहलगाम रूट से यात्रा जारी है।
आधार शिविर बालटाल में करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने डेरा डाला हुआ है। शनिवार सुबह मौसम और ट्रैक की हालत को देखकर ही जिला प्रशासन गांदरबल यात्रियों को रवाना करने का फैसला लेगा। इस बीच अब तक 238974 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिग के दर्शन कर लिए हैं। पिछले तीन साल के दौरान पहले एक पखवाड़े में यात्रियों की संख्या बढ़ने का रिकॉर्ड टूटा है। यात्रा के 19वें दिन 6114 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिग के दर्शन किए।
यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से शुक्रवार सुबह 3627 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। बालटाल रूट के लिए 1411 श्रद्धालु रवाना हुए जिसमें 1012 पुरुष और 399 महिलाएं शामिल थीं। पहलगाम रूट से 2216 श्रद्धालु रवाना हुए, जिसमें 1799 पुरुष, 300 महिलाएं, 3 बच्चे और 114 साधु शामिल थे। बाबा बर्फानी के पवित्र गुफा में विराजमान रहने से श्रद्धालुओं का उत्साह बहुत बढ़ गया है। अधिकतर श्रद्धालु यात्री निवास भगवती नगर जम्मू में आए बिना सीधे पहलगाम और बालटाल जाकर यात्रा कर रहे हैं। यात्री निवास से अब तक 87975 श्रद्धालुओं ने पहलगाम और बालटाल जाकर यात्रा की है। वहीं, करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु सीधे यात्रा कर चुके हैं।