Amarnath Yatra Forecast : बाबा अमरनाथ श्रद्धालुओं को उमस भरी गर्मी से मिली राहत, शुरू हुआ वर्षा का सिलसिला सप्ताह भर चलेगा
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार आने वाले दिनों में करीब सप्ताह भर बीच-बीच में गर्ज के साथ वर्षा के आसार हैं।इससे रात के तापमान में हल्की गिरावट आएगी। दिन के तापमान में भी मामूली सुधार होगा लेकिन उमस इसी तरह परेशान करती रहेगी।
जम्मू, जागरण संवाददाता : देश भर से बाबा अमरनाथ यात्रा पर जम्मू पहुंचे श्रद्धालुओं को उमस व गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। रात वर्षा के बीच राहत भरी गुजरी। वर्षा का सिलसिला सप्ताह भर बीच-बीच में जारी रहेगा।ऐसे में जम्मू के लोगों व श्रद्धालुओं को गर्मी से कुछ दिन राहत मिलेगी। बुधवार रात को हुई झमा झम वर्षा के बीच रात के तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।सुबह का मौसम भी पिछले कुछ दिनों के मुकाबले राहत भरा रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार आने वाले दिनों में करीब सप्ताह भर बीच-बीच में गर्ज के साथ वर्षा के आसार हैं।इससे रात के तापमान में हल्की गिरावट आएगी। दिन के तापमान में भी मामूली सुधार होगा लेकिन उमस इसी तरह परेशान करती रहेगी।
पिछले 12 घंटों में जम्मू में 10.4 एमएम वर्षा हुई। बटोत में 10.2 एमएम, कटड़ा में सबसे ज्याद 22.2 एमएम, बनिहाल में 0.8 एमएम वर्षा हुई। वीरवार को कश्मीर में भी बादल छाए रहने के बाद हल्की वर्षा के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।
मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि 30 जून से 1 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर में मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।अगले पांच दिनों के बारे में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर मुख्य रूप से जम्मू क्षेत्र के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कश्मीर में भी आंशिक बादल छाए रहने के बाद हल्की वर्षा की संभावना है।
कहां कितना तापमान
जगह अधिकतम न्यूनतम
- श्रीनगर 34.0 22.4
- काजीगुंड 32.5 21.7
- पहलगाम 28.9 15.4
- कुपवाड़ा 33.5 19.6
- गुलमर्ग 24.0 13.6
- जम्मू 38.1 26.2
- कटड़ा 35.0 23.6
- बटोत 28.9 19.6
- भद्रवाह 34.2 20.7
- बनिहाल 30.8 21.6
- लेह 30.6 13.2
- कारगिल 31.8 15.6
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)