Avalanche in Kashmir: गुलमर्ग हिमस्खलन में सेना का जवान लापता, दावर-गुरेज में तीन मकान, दो गौशाला तबाह
अपने मकानों पर बर्फ को ज्यादा जमा न होने देने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में उसकी सूचना निकटवर्ती सैन्य शीविर या पुलिस चौकी में देने के लिए कहा गया है।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में आज सोमवार सुबह हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद सेना का एक जवान लापता हो गया। लापता जवान की पहचान हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी के तौर पर हुई है। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया हुआ है। वहीं उत्तरी कश्मीर के दावर, गुरेज में सोमवार को हिमस्खलन में तीन मकान और दो गौखाने तबाह हो गए। अलबत्ता, किसी प्रकार की जनक्षति नहीं हुई है। गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में बीते दो दिनों से मौसम के तेवर बदले हुए हैं। लगातार बारिश और हिमपात से न सिर्फ सामान्य जनजीवन लगभग ठप होकर रह गया है, बल्कि वादी का शेष दुनिया से हवाई और सड़क संपर्क भी कट गया है।
गढ़वाल रेजिमेंट का यह जवान जब शिविर में ड्यूटी पर तैनात था तभी वह हिमस्खलन की चपेट में आ गया। सेना ने लापता जवान की तलाश के लिए बचाव कार्य चलाया हुआ है। शनिवार रात से जारी बर्फबारी की वजह से गुलमर्ग में लगातार पांच फुट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारी हिमपात और खराब मौसम के कारण कई बार बचाव अभियान बाधित हुआ है।
वहीं उत्तरी कश्मीर में जिला बांडीपोर के एलओसी के साथ सटे दावर, गुरेज में आज दोपहर को हिमस्खलन हुआ है। संबधित अधिकारियों ने बताया कि हिमस्खलन में तीन मकान और दो गौखाने पूरी तरह दब गए हैं। उन्होंने बताया इन मकानों में रहनेवाले लोग अपने माल-मवेशी संग पहले ही सुरक्षित जगह के लिए निकल गए थे। फिलहाल,किसी प्रकार के जान माल के नुक्सान की कोई सूचना नहीं है।
इस बीच प्रशासन ने गुलमर्ग, युसमर्ग, जोजिला, सोनगर्म, गगनगीर, गुंड, खिलनमर्ग, त्राल के ऊपरी इलाकों, पीरपंचाल के ऊपरी इलाकों, और नियंत्रण रेखा के साथ सटे सभी उच्चपवर्तीय इलाको में अगले चौबीस घंटों के दौरान हिमस्खलन और बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की है। इन इलाकोें में रहने वाले लोगों को मौसम के पूरी साफ होने तक बाहर पैदल यात्रा न करने की हिदायत दी गई है। उन्हें अपने मकानों पर बर्फ को ज्यादा जमा न होने देने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में उसकी सूचना निकटवर्ती सैन्य शीविर या पुलिस चौकी में देने के लिए कहा गया है।