जम्मू: त्योहारी सीजन से पहले ऑटो सेक्टर की बल्ले-बल्ले, सितंबर में बंपर बिक्री; पहले नवरात्र पर खुले रहेंगे शोरूम
त्योहारी सीजन और नवरात्र के आगमन से जम्मू-कश्मीर के ऑटोमोबाइल सेक्टर में रौनक लौट आई है, जिससे वाहनों की बुकिंग ...और पढ़ें

नवरात्र से पहले गाड़ियों की डिमांड ने बढ़ाई डीलरों की उम्मीद।
HighLights
नवरात्र के पहले दिन जम्मू के शोरूम खुले रहेंगे।
सितंबर में वाहनों की बिक्री में 47.06% की वृद्धि हुई।
त्योहारी सीजन में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। रविवार को नवरात्र के साथ ही त्योहारों व शादियों का सीजन आरंभ हो रहा है। इस त्योहारी सीजन के नजदीक आते ही जम्मू-कश्मीर के आटोमोबाइल सेक्टर में रौनक आना शुरू हो गई है और अभी से आगामी त्योहारी सीजन के लिए बुकिंग का दौर शुरू हो गया है। इन बुकिंग को देखते हुए जम्मू के लगभग सभी आटोमोबाइल शोरूम इस रविवार को पहले नवरात्र पर खुले रहेंगे।
अभी तक डीलरों के पास जिस तरह से बुकिंग व इंक्वायरी आ रही है, उससे यह उम्मीद जताई जा रही है कि साल की अंतिम तिमाही में आटोमोबाइल सेक्टर में उत्सावर्धक बिक्री देखने को मिलेगी क्योंकि बीते सितंबर माह में भी लाेगों ने गाड़ियों की अच्छी खरीदारी की है जिससे पिछले साल सितंबर की तुलना में इस साल गाड़ियों की बिक्री में 47.06 प्रतिशत का उछाल देखा गया है।
अगस्त 2026 की तुलना में सितंबर की बिक्री कम
हालांकि, अगस्त 2026 की तुलना में सितंबर की बिक्री 2.5 प्रतिशत कम रही। अक्टूबर के पहले सप्ताह में जिस तरह से इंक्वायरी व बुकिंग आ रही है, उससे इस सेक्टर को त्योहारी सीजन में अच्छी बिक्री होने की उम्मीद बंधी है। सितंबर माह में वाहनों की बिक्री पर अगर एक नजर डाली जाए तो सितंबर 2026 में जम्मू-कश्मीर में कुल 21,234 वाहनों की बिक्री हुई जोकि पिछले साल सितंबर में हुई बिक्री से 47.06 प्रतिशत अधिक थी।
सितंबर 2025 में प्रदेश में कुल 14,439 वाहनों की बिक्री हुई थी जिसका मुख्य कारण उस दौरान जम्मू में बाढ़ से भारी तबाही भी रहा था। वहीं अगर अगस्त और सितंबर 2026 में वाहनों की बिक्री की तुलना करें तो अगस्त में 21,788 प्रतिशत वाहनों की बिक्री हुई थी जोकि सितंबर में 2.5 प्रतिशत कम होकर 21,234 रही।
वाहनों की बिक्री
दो पहिया वाहन
सितंबर 2026 : 11,938
सितंबर 2025 : 7924
वृद्धि : 50.31 प्रतिशत
तीन पहिया वाहन
सितंबर 2026 : 1750
सितंबर 2025 : 950
वृद्धि : 84.21 प्रतिशत
व्यवसायिक वाहन
सितंबर 2026 : 1123
सितंबर 2025 : 767
वृद्धि : 46.41 प्रतिशत
कारें
सितंबर 2026 : 6067
सितंबर 2025 : 4538
वृद्धि : 33.39 प्रतिशत
ट्रैक्टर
सितंबर 2026 : 295
सितंबर 2025 : 222
गिरावट : 32.88 प्रतिशत
कुल वाहनों की बिक्री
सितंबर 2026 : 21,234
सितंबर 2025 : 14,439
वृद्धि : 47.06 प्रतिशत
अगस्त 2026 में कुल वाहनों की बिक्री : 21,788
सितंबर 2026 में कुल वाहनों की बिक्री : 21.234
गिरावट : 2.5 प्रतिशत
आगामी सीजन काफी अच्छा रहेगा
फेडरेशन आफ आटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन जेएंडके के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि नवरात्र, त्योहारी व शादियों के सीजन के लिए किस कंपनी के पास कितनी बुकिंग हुई है, यह तो अभी स्पष्ट बता पाना संभव नहीं होगा लेकिन ग्राहकों की इंक्वायरी काफी उत्सावर्धक है और बिक्री में आ रही तेजी ग्राहकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।
अब चूंकि त्याहारों व शादियों का सीजन शुरू हो रहा है, लिहाजा हमें पूरी उम्मीद है कि वाहनों की बिक्री में तेजी आएगी। सीजन में सबसे अधिक तेजी दो पहिया व चार पहिया वाहनों की बिक्री में रहती है जिसके लिए सभी डीलर्स इन दिनों तैयारियों में जुटे हैं। अभी से डीलरों के पास इंक्वायरी व बुकिंग आ रही है, जिससे उम्मीद बंधी है कि इस सेक्टर के लिए आगामी सीजन काफी अच्छा रहेगा।
