Kashmir: शोपियां में सेना के जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मारी, मौत
घटना स्थल पर पहुंचकर उन्होंने चंद्र पाटिल को खून से लथपथ जमीन पर गिरा देखा। उसके साथ में उसकी सर्विस राइफल भी थी। जवानों ने तुरंत उसे उठाया और नजदीक के अस्पताल ले गए परंतु डॉक्टरों द्वारा जांच करने के बाद उसे मृृत लाया घोषित कर दिया।
श्रीनगर, जेएनएन। दक्षिण कश्मीर के जिला शोपियां में सेना के एक जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह जवान सेना की 62 बटालियन में तैनात था और इसकी पहचान चंद्र पाटिल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि वीरवार तड़के को जावुरा मनलो में ड्यूटी के दौरान अचानक से चली गोली से कैंप में अफरा-तफरी फैल गई। सभी जवान उस दिशा की ओर दौड़े जहां से गोली चली थी। घटना स्थल पर पहुंचकर उन्होंने चंद्र पाटिल को खून से लथपथ जमीन पर गिरा देखा। उसके साथ में उसकी सर्विस राइफल भी थी। जवानों ने तुरंत उसे उठाया और नजदीक के अस्पताल ले गए परंतु डॉक्टरों द्वारा जांच करने के बाद उसे मृृत लाया घोषित कर दिया।
इस बीच पुलिस को भी वहां बुलाया गया। पुलिस ने उसके साथियों से पूछताछ की और इस संबंध में मामला दर्ज किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव को यूनिट को सौंप दिया गया है। जवान ने खुद को गोली क्यों मारी, इस बारे में पुलिस को फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
इससे पहले गत बुधवार को उत्तरी कश्मीर के जिला कुपवाड़ा के टंगडार सेक्टर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान ने इसी तरह संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि यह बीएसएफ जवान एलओसी के पास ड्यूटी पर था। सर्विस राइफल से गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल भारिंदर सिंह के रूप में हुई। वह बीएसएफ की 118 बटालियन में तैनात था।