Jammu Kashmir: थलसेना अध्यक्ष जनरल नरवने ने जवानों से कहा दुश्मनों की हरकतों का कड़ा जवाब दें
थलसेना अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद जनरल नरवने का उत्तरी कमान में यह तीसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने 9 जनवरी को सियाचिन और 22 जनवरी को उत्तरी कमान मुख्यालय ऊधमपुर आए थे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी से उपजे हालात के बीच थलसेना अध्यक्ष जनरल मनोज मुकंद नरवने मंगलवार को जम्मू में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने सेना की 16 कोर मुख्यालय नगरोटा में फील्ड कमांडरोंं के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने जम्मू संभाग में सुरक्षा परिदृश्य, राजौरी, पुंछ जिलों में गोलाबारी से उपजे हालात व सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ को नाकाम बनाने के प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने सेना को कड़ी सर्तकता से दुश्मन के मंसूबों को नाकाम बनाने के निर्देश दिए हैं।
थलसेना अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद जनरल नरवने का सेना की उत्तरी कमान में यह तीसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने 9 जनवरी को सियाचिन और 22 जनवरी को उत्तरी कमान मुख्यालय ऊधमपुर का दौरा किया था। आर्मी चीफ जल्द कश्मीर का दौरा भी कर सकते हैं। सैन्य सूत्रों के अनुसार उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सीमा पार से होने वाली किसी भी प्रकार की नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए।
जम्मू कश्मीर में इस समय आतंकवादियों के खिलाफ सेना की मुहिम बड़े पैमाने पर जारी है। नए वर्ष में अब तक प्रदेश में 28 आतंकवादियों को मार गिराया गया है। इसके साथ तीन दर्जन के करीब आतंकवादी व उनके ओवरग्राउंड वर्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। ऐसे में थलसेना अध्यक्ष की बैठक में जम्मू कश्मीर में आतंकवाद की मौजूदा चुनौतियों व उनसे निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर भी चर्चा हुई। सेना की उत्तरी कमान के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल अभिनव नवनीत ने बताया कि बैठक में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा हालात पर बात की है।