अमरनाथ यात्राः 33 दिन में टूटेगा दो साल का रिकार्ड
सोमवार को 724 श्रद्धालुओं का जत्था बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना हुआ। वहीं, कई यात्री ऐसे भी थे जो कि सीधे यात्रा के लिए रवाना हुए।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। श्री बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा को शुरू हुए अभी मात्र 33 दिन ही हुए हैं, लेकिन इस अवधि में यात्रा दो साल के रिकार्ड को तोड़ देगी। अब तक दो लाख साठ हजार के करीब श्रद्धालु बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल यात्रा में दो लाख साठ हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। इससे पहले 2016 में दो लाख बीस हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस साल पहले 32 दिनों में दो लाख 58,487 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे।
सोमवार को 724 श्रद्धालुओं का जत्था बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना हुआ। वहीं, कई यात्री ऐसे भी थे जो कि सीधे यात्रा के लिए रवाना हुए। खबर लिखे जाने तक अभी बाबा बर्फानी की गुफा में श्रद्धालु दर्शन कर रहे थे। मगर अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को दो हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर लेंगे। इससे पिछले साल का रिकार्ड टूट जाएगा। इस बार यात्रा शुरू होने से पहले ही श्रद्धालुओं में उत्साह था। इस साल यात्रा शुरू होने से पहले ही देश भर में श्रद्धालुओं ने यस बैक, जम्मू कश्मीर बैंक और पंजाब नेशनल बैंक की 440 शाखाओं में अपना पंजीकरण करवाना शुरू कर दिया था।
दाे लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने एडवांस में ही अपना पंजीकरण करवा लिया था। यह पिछल दो साल में सबसे अधिक था। पिछले दो साल में एडवांस पंजीकरण का आंकड़ा दो लाख के आंकड़े को छू नहीं पाया था। इस बार यात्रा में सुरक्षाबलों ने भी पुख्ता प्रबंध किए हुए थे।