विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

17 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था नशा तस्कर, अनंतनाग में दबोचा गया

Published: Mon, 14 Sep 2026 06:40 PM (IST)

अनंतनाग पुलिस ने 17 साल से फरार चल रहे एक मादक पदार्थ तस्कर शब्बीर अहमद खान को गिरफ्तार किया है।

अनंतनाग में 17 साल से फरार चरस तस्कर गिरफ्तार।

अनंतनाग में 17 साल से फरार चरस तस्कर गिरफ्तार।

HighLights

  1. अनंतनाग में 17 साल से फरार चरस तस्कर गिरफ्तार

  2. शब्बीर अहमद खान 2009 से NDPS मामले में वांछित था

  3. राजस्थान पुलिस के समन्वय से हुई यह बड़ी गिरफ्तारी

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वर्ष 2009 से फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित राजस्थान के सिरोही जिले में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था। अनंतनाग पुलिस ने राजस्थान पुलिस के समन्वय से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, थाना मट्टन की टीम ने राजस्थान पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर शबीर अहमद खान पुत्र मोहम्मद शहबाज खान को गिरफ्तार किया। वह नई बस्ती, खानाबल का रहने वाला है और वर्तमान में गोपालपोरा मट्टन में रह रहा था। पुलिस ने उसे शोकेट गैस एजेंसी के पास से पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, शबीर अहमद खान के खिलाफ राजस्थान के सिरोही जिले के जीआरपी आबू रोड थाने में एफआईआर नंबर 09/2009 दर्ज है। यह मामला नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।

आरोप है कि वह 4.5 किलोग्राम चरस की तस्करी में शामिल था। पुलिस के अनुसार, उक्त चरस को राजस्थान से अहमदाबाद पहुंचाया जाना था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपित लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा और करीब 17 वर्षों से फरार चल रहा था।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में राजस्थान पुलिस की ओर से भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।