जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में जैश के 3 आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने सूचना पर तलाशी अभियान चलाया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, किश्तवाड़। किश्तवाड़ के दुर्गम इलाके में सुरक्षाबलों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ के तहत हुई मुठभेड़ में तीन आतंकियों को मार गिराया गया, जबकि मौके से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।
वहीं, रविवार दोपहर में सुरक्षाबलों ने दो आतंकी को ढेर किया था। शाम होते-होते एक और आतंकी को मार गिराया। विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन त्राशी-1’ शुरू किया था। यह इनपुट जम्मू‑कश्मीर पुलिस, आईबी तथा सेना के अपने स्रोतों से जुटाए गए थे। जिनमें क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी।
इसके बाद व्हाइट नाइट कॉर्प्स की सीआईएफ डेल्टा इकाई ने पुलिस और सीआरपीएफ के साथ मिलकर इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में आतंकियों से दोबारा संपर्क स्थापित हुआ।जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने सटीक रणनीति, बेहतर समन्वय और आक्रामक कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को घेर लिया और दोनों आतंकियों को मार गिराया।
मुठभेड़ स्थल से युद्ध जैसे साजो-सामान भी बरामद किए गए हैं, जिनमें दो एक-47 राइफलें शामिल हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका को खत्म किया जा सके। सुरक्षा एजेंसियों ने इस कार्रवाई को क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
