Amarnath Yatra 2022 : हल्की बूंदाबांदी के बीच 6440 श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था जम्मू से रवाना
सुबह 3.50 बजे श्रद्धालुओं का पहला वाहन रवाना हुआ और अंतिम वाहन चार बजकर दस मिनट पर यात्री निवास से रवाना हुआ। श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ सुरक्षाबलों की टुकड़ियां भी रवाना हुई और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ये श्रद्धालु पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए।
जम्मू, जागरण संवाददाता : बम-बम भोले के जयघोष के बीच शुक्रवार तड़के चार बजे के करीब हल्की बूंदाबांदी में श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। कड़े सुरक्षा घेरे में 264 छोटे बड़े वाहनों में ये श्रद्धालु भगवान शिव की अराधना करते हुए पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुए।
भगवती नगर स्थित यात्री निवास से सुबह 3.50 बजे श्रद्धालुओं का पहला वाहन रवाना हुआ और अंतिम वाहन चार बजकर दस मिनट पर यात्री निवास से रवाना हुआ। श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ सुरक्षाबलों की टुकड़ियां भी रवाना हुई और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ये श्रद्धालु पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए।
पहलगाम व बालटाल के लिए दो टुकड़ियों में जत्थे को रवाना किया गया। पहले बालटाल के लिए जत्था रवाना किया गया और उसके करीब एक घंटे बाद पहलगाम रूट के लिए यात्री निवास से जत्था रवाना हुआ। बालटाल मार्ग से यात्रा करने के इच्छुक कुल 2309 श्रद्धालुओं को 111 वाहनों में रवाना किया गया। इनमें 1561 पुरुष, 636 महिलाएं, 43 बच्चे, 63 साधु व छह साध्वी रवाना हुए। वहीं पहलगाम मार्ग से यात्रा करने के लिए 4131 श्रद्धालु रवाना हुए। इनमें 3208 पुरुष, 799 महिलाएं, 12 बच्चे, 103 साधु व आठ साध्वी शामिल रहे। ये श्रद्धालु 82 बसों व 71 छोटे वाहनों में सवार होकर रवाना हुए।
इन श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दोनों रूट पर सुरक्षाबलों की टुकड़ियां भी रवाना हुई। पहलगाम के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं के साथ आइआरपी की 7वीं बटालियन के डीएसपी विजय धर और सीआरपीएफ की 160वीं बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार की अगुआई में सुरक्षबलों के सात वाहन रवाना हुए। वहीं बालटाल रूट के श्रद्धालुओं के साथ आइआरपी की छठी बटालियन के डीएसपी मकबूल हुसैन व सीआरपीएफ की 160वीं बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट के नेतृत्व में सुरक्षाबलों के सात वाहन रवाना हुए।